महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने बुधवार को कहा कि दिल्ली के पास विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानों ने जो मांगें की हैं, वे गलत या अनुचित नहीं हैं और केंद्र सरकार को इसे स्वीकार कर लेना चाहिए।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद के साथ अपने लगाव को याद करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को संसद में भावुक हो गए थे, जिसको लेकर पवार ने यहां संवाददाताओं से कहा कि अगर किसानों के मामले में भी यही भावना दिखाई देगी तो वह संतुष्ट महसूस करेंगे।
केंद्र सरकार के तीन नए कृषि कानूनों को निरस्त करने की मांग को लेकर हजारों किसान राष्ट्रीय राजधानी के पास दो महीने से अधिक समय से आंदोलन कर रहे हैं। पवार ने कहा, ‘‘किसानों द्वारा की गई मांग गलत नहीं है। यह अनुचित नहीं है। यह एक किसान की भावना है कि उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिले। यह उनका अधिकार है।
केंद्र सरकार को उनकी मांग को स्वीकार कर लेना चाहिए।’’ राकांपा नेता ने कहा कि गतिरोध को दूर करने के लिए एक रास्ता खोजना होगा।


Download Android App
Download iOS App



