देहरादून : उत्तराखंड में ठंड और ठिठुरन का सिलसिला लगातार जारी है और इससे कोई राहत मिलने की संभावना नहीं दिख रही। तीन व्यक्तियों की कथित रूप से ठंड से मौत की खबर है। पुलिस के अनुसार, देहरादून जिले के रायवाला क्षेत्र में शनिवार को तीन शव बरामद हुए। पहली नजर में माना जा रहा है कि उनकी मौत ठंड के कारण हुई है। हालांकि इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम के बाद ही होगी। इस बीच, राज्य में हाड़ कंपाने वाली ठंड का कहर पिछले कुछ दिनों से लगातार जारी है। ऊंचाई वाली जगहों पर जहां पारा शून्य या शून्य से नीचे चल रहा है वहीं ज्यादातर मैदानी इलाकों में तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री नीचे चल रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार सुबह देहरादून का न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था। पंतनगर में न्यूनतम तापमान 1.5 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री कम था। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में राज्य के मैदानी इलाकों में शीतलहर जारी रहने की संभावना जताई है। इस बीच, राज्य सरकार का कहना है कि ठंड के मौसम में बेसहारा लोगों के लिये रैन बसेरों में रात गुजारने तथा सड़क किनारे जगह—जगह पर अलाव जलाने का प्रबंध किया गया है।


Download Android App
Download iOS App



