उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने नयी दिल्ली में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की । मुख्यमंत्री बनने के बाद रावत की पार्टी अध्यक्ष से यह पहली मुलाकात थी । शनिवार को यहां जारी एक सरकारी विज्ञप्ति के मुताबिक, शुक्रवार देर रात नयी दिल्ली में मुख्यमंत्री रावत ने नड्डा से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट की ।
हालांकि, यह नहीं पता चल पाया कि दोनों नेताओं के बीच क्या बातचीत हुई । मुख्यमंत्री रावत ने इससे पहले पार्टी प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी से भी उनके आवास पर मुलाकात की। बतौर मुख्यमंत्री पहले दिल्ली दौरे पर गए मुख्यमंत्री रावत का अपने आवास पर स्वागत करते हुए बलूनी ने कहा कि उनके नेतृत्व में उत्तराखंड के विकास अभियान में वह निरंतर उनके साथ हैं।
बलूनी ने कहा कि हम उत्तराखंड को विकसित, संपन्न और समृद्ध राज्य बनाने के लिए कृतसंकल्प हैं। मुख्यमंत्री रावत के साथ उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे और वरिष्ठ नेता बलराज पासी भी मौजूद थे। दिल्ली पहुंचने पर मुख्यमंत्री रावत ने कहा कि उनकी सरकार जनभावनाओं के अनुरूप कार्य करेगी तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दिशानिर्देश में उत्तराखंड का चहुंमुखी विकास किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



