तृणमूल कांग्रेस और वाम दलों के उम्मीदवारों ने शनिवार को पश्चिम बंगाल चुनावों के लिए अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। तृणमूल ने शुक्रवार को 291 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की वहीं वाम दलों ने पहले चरण में 39 सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है। अशोक नगर क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार धीमान राय ने सुबह घर-घर जाकर प्रचार शुरू किया।
पार्टी के यादवपुर के उम्मीदवार देवव्रत मजूमदार ने भी इलाके में मतदाताओं से मुलाकात की। झाड़ग्राम से माकपा उम्मीदवार मधुजा सेन राय ने भी अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की। बेहाला में तृणमूल के समर्थक इलाके में पार्टी के दो उम्मीदवारों- पार्थ चटर्जी (बेहाला पश्चिम) और रत्ना चटर्जी (बेहाला पूर्व) के समर्थन में दीवारों पर पेंटिंग करने में व्यस्त दिखे। रत्ना को तृणमूल ने अलग रह रहे उनके पति और भाजपा उम्मीदवार शोभन चटर्जी के खिलाफ उम्मीदवार बनाया है।
उन्होंने यहां पर्णश्री आवास पर पूजा करने के बाद प्रचार अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा, ‘‘सीट पर जीत दर्ज करने के लिए मैं पूरा प्रयास करूंगी। हम सभी ममता बनर्जी को तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम कर रहे हैं।’’ लाभपुर से तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत सिंघ ने कहा कि लगता है कि उनके खिलाफ कोई विपक्ष नहीं है। पश्चिम बंगाल में 27 मार्च से आठ चरणों में चुनाव होने वाले हैं। वोटों की गिनती दो मई को होगी।


Download Android App
Download iOS App



