छात्रों को आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण दें

Summary :

मुख्यमंत्री ने औचक माॅक ड्रिल करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल व काॅलेज के बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण से जोड़ा जाए।

देहरादून : मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय में राज्य में घटित प्राकृतिक आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं की आन लाइन रिपोर्टिग, डाटा कलेक्शन व प्रवर्तन हेतु विकसित किए गए एमआईएस पोर्टल सचेत का शुभारम्भ किया। उत्तराखण्ड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कार्यो की समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ को निर्देश दिए कि राज्य में प्राकृतिक आपदाओं एवं सड़क दुर्घटनाओं के दौरान नेहरू पर्वतारोहण संस्थान से समन्वय करके वहां के प्रशिक्षार्थियों का भी सहयोग लिया जाए।

मुख्यमंत्री ने औचक माॅक ड्रिल करवाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्कूल व काॅलेज के बच्चों को आपदा प्रबंधन के प्रशिक्षण से जोड़ा जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि सटीक जानकारियों के लिए आगामी जून तक मुक्तेश्वर व सुरकण्डा देवी में डाॅप्लर राडार लगा दिए जाएगे। भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा राज्यभर में 176 में से 139 मिट्रयाॅलाॅजिकल इक्वपमेन्ट लगा दिए गए है।

आईआईटी रूड़की द्वारा राज्यभर में भूकम्प पूर्व चेतावनी तन्त्र को सुदृढ़ करने के लिए 184 में से 155 सेन्सर लगा दिए गए है। भूकम्प के चेतावनी के लिए राज्यभर में 49 साइरन लग चुके है। इसके साथ ही भूकम्प की पूर्व चेतावनी के लिए हरिद्वार, देहरादून व काठगोदाम के 100 स्थानों व एसईओसी तथा डीईओसी पर साइरन लगाए जा रहे है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा आपदा प्रबंधन खोज-बचाव दल में सराहनीय कार्यो के लिए श्री दर्शन सिंह को सम्मानित किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रकाश पन्त, यशपाल आर्य, मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह, डीजीपी अनिल रतूड़ी, एडीजी अशोक कुमार, आईजी सजंय गुंज्याल आदि उपस्थित थे।

– सुनील तलवाड़

Desk Team