देहरादून : दून में प्लेटफार्म विस्तारीकरण कार्य के चलते दून में 10 नवंबर से सात फरवरी 2020 तक ट्रेनों का संचालन ठप हो सकता है। हरिद्वार से संचालित होने वाली कुछ गाड़ियों पर भी इसका असर पड़ेगा। ठेकेदार ने अधिकारियों के मार्फत ट्रैफिक ब्लॉक का प्रस्तावित शेड्यूल बनाकर रेलवे बोर्ड को भेज दिया है।
दून स्टेशन पर अभी तक चार प्लेटफार्म है। स्टेशन विस्तारीकरण के तहत सिंघल मंडी की तरफ से पांच नंबर प्लेटफार्म का ट्रैक तैयार हो रहा है। पांच नंबर और चार नंबर प्लेटफार्म आमने-सामने होंगे। करीब दो साल पहले प्लेटफार्म का काम शुरू हुआ था। दिसंबर-2018 से यह काम अधूरा पड़ा हुआ था। नए ठेकेदार को टेंडर मिलने पर अब कार्य शुरू हो चुका है। नया ट्रैक तैयार करने, मुख्य ट्रैक से उसकी कनेक्टिविटी और यार्ड का विस्तार आदि कार्यों को पूरा करने के लिए ट्रेनों का संचालन बंद करना पड़ेगा।
इसके लिए ठेकेदार की ओर से 10 नवंबर 2019 से सात फरवरी 2020 तक का प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि प्रस्तावित शेड्यूल के मुताबिक, देहरादून से संचालित होने वाली कुछ ट्रेनों को हरिद्वार और नजीबाबाद से चलाया जाएगा।
जबकि कुछ ट्रेनों को पूरी तरह रद्द रखने का भी प्रस्ताव है। एडिशनल स्टेशन सुप्रीटेंडेंट सीताराम सोनकर ने बताया कि ठेकेदार ने अभी प्रस्ताव भेजा है। उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। ट्रैफिक ब्लॉक का कार्यक्रम फाइनल होते ही इसके बारे में यात्रियों को विभिन्न माध्यमों से सूचित किया जाएगा।


Download Android App
Download iOS App



