मसूरी : लंढौर विकास समिति के तत्वाधान में होली के मौके पर सांप्रदायिक सद्भाव की मिशाल कायम करते हुए लंढौर बाजार के लगभग दो दर्जन वरिष्ठ नागरिकों को क्षेत्र की धरोहर मानते हुए सम्मानित किया गया। इस मौके पर उन्होंने इस परंपरा को बनाये रखने का आहवान किया और कहा कि वह लंढौर के विकास में कदम से कदम मिला कर चलेंगे। लंढौर विकास समिति की ओर से लंढौर चौक पर होली की शाम को एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
जिसमें कार्यक्रम के संचालक आनंद भूषण रस्तोगी ने कहा कि लंढौर के वरिष्ठ नागरिक हमारे अग्रज व धरोहर हैं वे उस विशाल वृक्ष की भांति हैं जिसके नीचे सभी धूप व बारिश से बचने के साथ ही अपने को सुरक्षित महसूस करते हैं। उनके ही सानिध्य में युवा पीढी आगे बढ़ सकती है। वहीं उनके अनुभवों का लाभ लेकर क्षेत्र का विकास कर सकती हैं। उन्होंने सभी वरिष्ठ जनों का स्वागत किया व कहा कि वह अपना आशीर्वाद लंढौर क्षेत्र पर बनाये रखें।
इस अवसर पर करीब दो दर्जन वरिष्ठ नागरिकों को अंग वस्त्र व मिष्ठान देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर व्यापार संघ के अध्यक्ष रजत अग्रवाल, परमजीत कोहली, छावनी सभासद सुशील अग्रवाल आदि ने अपने विचार रखते हुए कहा कि ये हमारे मार्ग दर्शक हैं और लंढौर विकास समिति बहुत बधाई की पात्र है जिन्होंने इस परंपरा को पुनर्जीवित किया।
इसमें सभी जाति धर्म, हिंदू, मुसलमान और सिख आदि सभी को बिना भेदभाव के सम्मानित किया गया। यह सांप्रदायिक सदभावना की एक मिशाल है। वक्ताओं ने कहा कि मसूरी के लंढौर क्षेत्र में आज भी आपसी भाईचारा कायम है तथा लोग एक दूसरे के दुख- सुख में अपने परिवार की तरह शामिल होते हैं। इसी एकता को पूरी मसूरी जानती है।


Download Android App
Download iOS App



