कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के मध्यनजर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने लोगों से राज्य में एक और लॉकडाउन से बचने के लिए कोरोना वायरस (कोविड-19) से संबंधित दिशानिर्देशों का अच्छे से पालन करने का आग्रह किया है। ठाकरे ने लोगों को सतर्क करते हुए कहा कि अगर कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया गया तो राज्य के पास लॉकडाउन लगाने के अलावा कोई अन्य विकल्प नहीं बचेगा।
मुख्यमंत्री ने शुक्रवार शाम कोरोना प्रभावित नंदुरबार जिले का दौरा करने के बाद कहा कि लॉकडाउन से बचने का एक ही तरीका है कि लोग सहयोग करें और टीका लेने के बाद भी कोविड-19 दिशानिर्देशों का पालन करें। महाराष्ट्र में कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों के बीच राज्य सरकार ने शुक्रवार को थियेटर और सभागारों में आने वाले लोगों की संख्या सिमित रखने का निर्देश दिया है। सरकार ने इनसे कहा है कि 31 मार्च तक ये 50 फीसद क्षमता के साथ ही संचालन करें।
सरकार की ओर से शुक्रवार को जारी एक अधिसूचना में निजी कार्यालयों को भी सिर्फ 50 फीसद क्षमता के साथ ही कार्य करने की मंजूरी दी गई है। हालांकि इससे स्वास्थ्य एवं अन्य आवश्यक सेवा वाले कार्यालयों को बाहर रखा गया है। सरकारी और अर्ध सरकार कार्यालयों के मामले में यह कहा गया है कि कार्यालय के प्रमुख, कर्मचारियों की मौजूदगी के संबंध में निर्णय लेंगे और कोविड-19 के संबंध में जारी दिशानिर्देशों का पालन कराना सुनिश्चित करेंगे।


Download Android App
Download iOS App



