यूपी के सीएम और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने टूरिज्म प्रोजेक्ट्स का किया लोकार्पण

Summary :

हरिद्वार में गंगा किनारे बने यूपी टूरिज्म विभाग के नए होटल भागीरथी का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। यह यूपी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।

हरिद्वार, संजय चौहान (पंजाब केसरी): हरिद्वार में गंगा किनारे बने यूपी टूरिज्म विभाग के नए होटल भागीरथी का यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोकार्पण किया। यह यूपी के लिए एक बहुत बड़ी उपलब्धि है।
ज्ञातव्य हो कि सन् 2000 में उत्तर प्रदेश से अलग होकर उत्तराखण्ड राज्य का गठन हुआ, तो दोनों राज्यों के बीच में परिसंपत्तियों के बंटवारा किया गया था। पर्यटन के क्षेत्र में आवासीय स्थल के रूप में पहचाने जाने वाले अलकनंदा होटल पर उत्तराखंड ने अपने हक जताया, जिसका मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा। शीर्ष अदालत ने उत्तराखंड के दावे को माना। बाद में दोनों सरकारों के बीच सहमति बन गई और इसी समझौते के तहत उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड में जमीन उपलब्ध करवाई गई, जिस पर यूपी सरकार ने एक आलीशान 100 कमरों का पर्यटक आवास तैयार किया है और उसे नाम भागीरथी पर्यटन आवास दिया।
यहां बता दें कि पहाड़ी शैली से बनाए गए भागीरथी होटल में 100 कमरों में 12 वीआईपी और 88 लग्जरी रूम हैं। आधुनिक सुख-सुविधाओं से युक्त भागीरथी होटल में लिफ्ट, एसी और बैंक्वेट हॉल की व्यवस्था भी है। इस होटल के एक बैंक्वेट हॉल में 100 लोगों की गैदरिंग की कैपेसिटी जबकि दूसरे में 150 लोगों के जमा होने की क्षमता है। इसमें किसी खास मौके पर पर्यटक कोई कार्यक्रम भी आयोजित कर सकते हैं। इसके साथ ही होटल के निकट में ही गंगा नदी का प्रवाह है। मतलब अगर आप इस होटल में ठहरते हैं तो मां गंगा के दर्शन आप अपने कमरे की बालकनी से भी कर सकते हैं।

Ujjwal Jain