UPA हो गया है अब लकवाग्रस्त, शरद पवार को संभालनी चाहिए कमान : संजय राउत

Summary :

शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अब “लकवाग्रस्त” हो गया है इसलिए शरद पवार जैसे एक गैर कांग्रेसी नेता को गठबंधन का प्रमुख बनाया जाना चाहिए।

शिवसेना नेता संजय राउत ने बृहस्पतिवार को कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन अब “लकवाग्रस्त” हो गया है इसलिए शरद पवार जैसे एक गैर कांग्रेसी नेता को गठबंधन का प्रमुख बनाया जाना चाहिए। राउत ने नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में यह बयान दिया।
उन्होंने कहा, “संप्रग अब लकवाग्रस्त हो गया है। मुझे लगता है कि राकांपा अध्यक्ष शरद पवार को राष्ट्रीय स्तर पर संप्रग का नेतृत्व करना चाहिए।” राउत ने इससे पहले भी कई बार ऐसा सुझाव दिया है। यह पूछे जाने पर कि क्या अन्य पार्टियां इस मांग का समर्थन करती हैं, उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता कि देश में किसी क्षेत्रीय पार्टी को पवार द्वारा संप्रग का नेतृत्व करने पर ऐतराज हो सकता है। इस समय हम सभी भाजपा विरोधी हैं।”
राउत के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा, “शिवसेना संप्रग का हिस्सा भी नहीं है। यदि वह संप्रग का हिस्सा होती तो समझ में आता। उन्हें (राउत) इस तरह का बयान नहीं देना चाहिए।”
कांग्रेस के एक अन्य नेता और राज्यसभा के पूर्व सदस्य हुसैन दलवई ने कहा, “शिवसेना को (पिछले महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में) अधिक सीटें मिली थीं इसलिए मुख्यमंत्री का पद मिला। लेकिन शिवसेना अब भी संप्रग का हिस्सा नहीं है।” उन्होंने कहा, “राउत के बयान को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए।” दलवई ने कहा, “राउत को यह नहीं भूलना चाहिए कि महा विकास आघाडी सरकार कांग्रेस के समर्थन से बनी है। उन्हें इस तरह की बात कर के विवाद पैदा नहीं करना चाहिए।”

Desk Team