हल्द्वानी : मण्डी समिति परिसर में नवनिर्मित ई-नाम भवन व सभागार का लोकार्पण अध्यक्ष उत्तराखण्ड कृषि उत्पादन विपणन बोर्ड गजराज सिंह बिष्ट व विधायक नवीन चन्द्र दुम्का ने वैदिक मंत्रों के बीच संयुक्त रूप से किया। इस योजना से किसान राष्ट्रीय कृषि ई-नाम बाजार में अपने उत्पाद की गुणवत्ता को परख सकते हैं। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक पोर्टल के माध्यम से अपनी उपज का ऑनलाइन व्यापार कर देश के 585 मंडी में बेच सकते हैं।
राष्ट्रीय कृषि बाजार में हल्द्वानी मंडी के जुड़ जाने से उत्पाद बेचने में पारदर्शिता आएगी, साथ ही भुगतान में भी कोई दिक्कत नहीं होगी।इस अवसर पर आयोजित समारोह में उपस्थित किसानों को सम्बोधित करते हुये अध्यक्ष बिष्ट ने कहा कि केन्द्र सरकार के माध्यम से किसान की आय दोगुनी किये जाने के उददेश्य से प्रदेश भर की मण्डियां नई कार्य संस्कृति व ऊर्जा के साथ किसानों के हित में जुटी हैं।
उन्होंने ई-राष्ट्रीय कृषि बाजार परियोजना के बारे में बताया कि सरकार देश की सभी मण्डियों को आनलाइन बाजार के रूप मे विकसित कर रही हैं। जिससे किसानों एव व्यापारियों को कृषि उपज के क्रय, विक्रय के लिए वृहद व सुविधाजनक बाजार उपलब्ध हो सकेगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना का शुभारम्भ अप्रैल 2016 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।
इस परियोजना की शुरूआत कृषि मंत्रालय द्वारा सर्वप्रथम देश की 21 मण्डियों में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में की गई। अब बेहतर परिणाम हासिल होने पर देश की 585 मण्डियां इस परियोजना से जुड़ चुकी हैं।
– संजय तलवाड़


Download Android App
Download iOS App



