कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री सीएन अश्वथ नारायण ने रविवार को कहा कि पढ़ाई या काम के सिलसिले में विदेश जाने वालों और टोक्यो ओलंपिक के लिए जाने वाले खिलाड़ियों के लिए 22 जून से शहर के केंद्रीय कॉलेज परिसरों में टीकाकरण की शुरुआत होगी। नारायण ने कहा कि पूर्वी जोन के स्वास्थ्य अधिकारी को बृहद बेंगलुरु महानगर पलिका (बीबीएमपी) अंतर्गत क्षेत्र का सक्षम प्राधिकारी बनाया गया है और उक्त समूहों के लिए टीके की दूसरी खुराक पहली खुराक लेने के 28 दिन पूरा होने पर दी जायेगी।
उपमुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति में नारायण के हवाले से कहा गया कि सक्षम प्राधिकारी टीका लेने आने वालों के दस्तावेज की पुष्टि करेंगे, साथ ही वह स्व-घोषणा प्रमाणपत्र फॉर्म, अनुलग्नक-4 में लाभार्थी द्वारा दी गयी सूचना की भी पुष्टि करेंगे और वैधता पत्र जारी करेंगे। टीकाकरण के लिए वैधता पत्र को को-विन पोर्टल पर अपलोड करना होगा।
राज्य में कोविड-19 कार्यबल का नेतृत्व कर रहे उपमुख्यमंत्री ने कहा कि पहली खुराक लेने के समय अपना पासपोर्ट नंबर नहीं देने वाले लाभार्थियों को दूसरी खुराक लेने के समय अनुलग्नक-5 के माध्यम से अपनी टीकाकरण घोषणा जमा करनी होगी।
विदेश जाने वाले छात्रों और काम के सिलसिले में विदेश जाने वालों के लिए इस तरह की यह दूसरी मुहिम है। इससे पहले जून के पहले सप्ताह में इन्हीं केंद्रों पर टीकाकरण की ऐसी ही मुहिम चलायी गयी थी और करीब 1500 लोगों का टीकाकरण हुआ था।


Download Android App
Download iOS App



