माया नगरी के नाम से मशहूर महाराष्ट्र राज्य की राजधानी मुंबई एक बार फिर शर्मसार हुई। क्रूरतापूर्ण दुष्कर्म मामले में मुंबई में 30 वर्षीय पीड़िता की हालत शनिवार को गंभीर बनी रही जिसके बाद इलाज के दौरान पीड़िता की मौत हो गयी।घटना के बाद पीड़िता एक नागरिक अस्पताल में बेहोश थी। इस घटना से पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया है। वहीं इस घटना के बाद इस मामले में राजनीति भी शुरू हो गयी है।
क्रूरता की सारी हदें पार
बता दें कि पुलिस के अनुसार महिला के साथ दुष्कर्म किया गया और फिर डंडे से पीटा गया और आरोपी ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोपी ने वहां से जाने से पहले शव को सुनसान सड़क पर फेंक दिया। घटना उत्तर-पश्चिम मुंबई के साकीनाका इलाके के खैरानी रोड पर गुरुवार-शुक्रवार की दरमियानी रात को हुई और पुलिस ने शुक्रवार तड़के करीब तीन बजे उसे खून से लथपथ बरामद किया। बता दें कि इस महिला के साथ ‘निर्भया’ जैसी हैवानियत हुई थी।
रेप के बाद पहले लोहे की रॉड से पीटा, फिर वही प्राइवेट पार्ट में डाली
आरोपी ने रेप के बाद महिला के प्राइवेट पार्ट में रॉड भी डाल दी थी। इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी ने महिला को टैंपो में डाला और भाग गया। 15 मिनट बाद वहां से गुजरने वाले किसी शख्स ने महिला को खून से लथपथ बेहोशी की स्थिति में देखा। इसके बाद उसने मुंबई पुलिस को फोन किया। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज आरोपी के खिलाफ काफी अहम सबूत हैं।महिला को बहुत गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
जल्द चार्जशीट दायर की जाए और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए मामले को तेजी से बढ़ाया जाए : नवाब मलिक
मामले को लेकर महाराष्ट्र के मंत्री नवाब मलिक ने कहा कि हम यह सुनिश्चित करेंगे कि जल्द से जल्द चार्जशीट दायर की जाए और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए मामले को तेजी से बढ़ाया जाए। साकीनाका पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बलवंत देशमुख ने कहा कि स्थानीय निवासी मोहन चव्हाण (45) के रूप में पहचाने जाने वाले आरोपी को नृशंस अपराध के घंटों बाद गिरफ्तार किया गया और उससे पूछताछ की जा रही है।
शिवसेना एमएलसी मनीषा कायंडे ने बताया, “यह दुखद अंत है.. उन्हें बहुत गंभीर आंतरिक चोटें आई थीं और उनका निधन हो गया।” उन्होंने कहा कि पीड़िता की दो नाबालिग बेटियां हैं और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे से उनके लिए मुआवजे पर विचार करने की अपील की। इस घटना का पता शुक्रवार की सुबह लगा, जिससे पूरे राज्य में आक्रोश फैल गया और शनिवार को राष्ट्रीय महिला आयोग ने इस पर संज्ञान लिया।
पुलिस ने गंभीर हालत में पीड़िता को तुरंत घाटकोपर के बीएमसी के राजावाड़ी अस्पताल पहुंचाया, और देशमुख ने कहा, “वह उपचाराधीन है।” पुलिस दल महिला के होश में आने का इंतजार कर रहे हैं ताकि वह अपना बयान दर्ज कर सके जिससे पूरे प्रकरण पर और स्पष्टता सामने आ सके।
आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालने और संभावित गवाहों से पूछताछ जारी है। इस घटना की महाराष्ट्र विधान परिषद की उपाध्यक्ष नीलम गोरहे, शिवसेना प्रवक्ता मनीषा कायंडे, कई महिला कार्यकर्ताओं और आम लोगों ने कड़ी निंदा की, जिनमें से कई ने शक्ति अधिनियम को तत्काल पारित करने की मांग की, जिसमें दुष्कर्म के लिए मौत की सजा का प्रस्ताव है। शुक्रवार से शुरू हुए राज्य के सबसे बड़े गणेशोत्सव की पूर्व संध्या पर लोगों को झकझोरने वाले अपराध में अन्य लोगों की संलिप्तता और जांच की निगरानी शीर्ष पुलिस अधिकारी कर रहे हैं।