अमृतसर जा रहे विस्तारा एयरलाइन के एक विमान में उड़ान भरने के तुरंत बाद बृहस्पतिवार को तकनीकी गड़बड़ी आ गयी, जिसके चलते वह आपात स्थिति में दिल्ली हवाई अड्डे पर उतरा। विमान में कुल 146 यात्री सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
डीजीसीए घटना की कर रहा है जांच
उन्होंने बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) घटना की जांच कर रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि विमान के हाइड्रोलिक पावर में गड़बड़ी आ गई और वह सुबह पौने दस बजे इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पर लौट आया।
विस्तारा के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली से अमृतसर जा रही उड़ान यूके-697 में कुछ तकनीकी गड़बड़ी आने का पता चला था।
प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि एहतियाती कदम उठाते हुए पायलट ने वापस आने का फैसला किया और विमान हवाईअड्डे पर सुरक्षित रूप से उतर गया।
विस्तारा एयरलाइन के मुताबिक यह केवल एहतियाती तौर पर विमान की वापसी थी, ये आपातकालीन लैंडिंग नहीं थी।
एयरलाइन ने बयान में कहा है कि इसके बाद यात्रियों को अमृतसर ले जाने के लिए दूसरे विमान की व्यवस्था की गई, जिसने तकनीकी निरीक्षण के बाद अपराह्न डेढ़ बजे उड़ान भरी।
प्रवक्ता ने कहा, ‘‘यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद है। हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।’’


Download Android App
Download iOS App



