मध्यप्रदेश में कांग्रेस के एक विधायक द्वारा बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को ‘‘नाचने-गाने वाली’’ कहने पर कांग्रेस नेताओं और अभिनेत्री के बीच वाकयुद्ध छिड़ गया है। अभिनेत्री ने कांग्रेस विधायक को ‘‘मूर्ख’’ कहते हुए बताया कि मुख्य नायिकाओं के विपरीत वह एक ऐसी अभिनेत्री हैं, जो आइटम नंबर करने से इनकार करती हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाल ही में मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कंगना की एक फिल्म की शूटिंग स्थल पर विरोध प्रदर्शन किया था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मांग थी कि दिल्ली की सीमाओं पर विरोध प्रदर्शन कर रहे किसानों के खिलाफ कथित तौर पर अपमान जनक ट्वीट करने के लिये कंगना किसानों से मांफी मांगें। शुक्रवार को बैतूल में पत्रकारों से बात करते हुए प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं कांग्रेस विधायक सुखदेव पांसे ने आरोप लगाया कि पुलिस ने ‘‘नाचने-गाने वाली’’ जिसने किसानों का अपमान किया है, के लिये कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर विरोध प्रदर्शन के दौरान लाठी चार्ज किया।
कंगना ने शुक्रवार देर शाम एक ट्वीट में सुखदेव की टिप्पणी के बारे में एक खबर को टैग करते हुए कहा कि जो भी ‘ये मूर्ख’ है, उसे पता नहीं कि वह बॉलीवुड की अन्य अभिनेत्रियों की तरह नहीं हैं, जिसने आइटम नंबर करने या ‘बड़े हीरो’ की फिल्मों में अभिनय करने से मना कर दिया था।
इस विवाद के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को मीडिया से कहा, ‘‘यह कंगना कौन है?’’ इससे पहले कांग्रेस नेताओं के कंगना के खिलाफ विरोध प्रदर्शन की घोषणा करने पर प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा था कि प्रदेश में भाजपा सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि ‘‘बहन-बेटी कंगना’’ को शूटिंग के दौरान कोई समस्या न हो।


Download Android App
Download iOS App



