पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना स्थित बीजेपी सांसद अर्जुन सिंह के आवास पर एक हफ्ते में दो बार हुए हमले को केंद्र ने गंभीरता से लिया है। गृह मंत्रालय ने बीजेपी सांसद को जेड श्रेणी की सुरक्षा मुहैया कराई है। इस संबंध में गृह मंत्रालय ने 13 सितंबर को आदेश जारी किया था।
सीआईएसएफ ने मंगलवार से नेता को सुरक्षा मुहैया कराने की जिम्मेदारी संभाली है। इससे पहले तक अर्जुन सिंह को वाई कैटेगरी की सुरक्षा व्यवस्था मिल रही थी। मंगलवार को अर्जुन सिंह के घर के पास बमबारी हुई थी। एक सप्ताह में यह दूसरी बार था जब अर्जुन सिंह के घर के पास बम फेंके गए।

खुद पर हुए हमलों के पीछे अर्जुन सिंह ने तृणमूल कांग्रेस को जिम्मेदार बताया था। वहीं टीएमसी ने आरोपों को खारिज किया और कहा कि बीजेपी सांसद अपने घर के बाहर विस्फोटों के लिए किसी न किसी तरह से जिम्मेदार हैं। टीएमसी ने कहा कि बीजेपी सांसद ने खुद अपने घर पर हमला कराया है ताकि राजनीतिक तौर पर चर्चा में बने रह सकें।
बता दें कि मंगलवार सुबह अर्जुन सिंह के घर के पास दो देसी बम फटे थे। हालांकि कोई घटना में घायल नहीं हुआ। इससे पहले भी सितंबर के पहले सप्ताह में अर्जुन सिंह के घर के पास बम फेंके गए थे। इसी के बाद अर्जुन सिंह ने घर के आसपास लगभग 165 सीसीटीवी लगवाए थे। मंगलवार की घटना भी सीसीटीवी में कैद हुई थी। हालांकि मामले में अभी तक पुलिस ने किसी को गिरफ्तार नहीं किया है।


Download Android App
Download iOS App



