विधायक दीपक हलदर ने टीएमसी से दिया इस्तीफा, बीजेपी में हुए शामिल

Summary :

तृणमूल कांग्रेस के मजबूत हाथ माने जाने वाले कई नेताओं ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। चुनाव में थोड़ा ही वक्त बचा है और टीएमसी में इस्तीफे का दौर जारी है।

पश्चिम बंगाल में अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। राज्य में भारतीय जनता पार्टी के सक्रिय होने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी  को काफी नुकसान उठाना पड़ा है। तृणमूल कांग्रेस के मजबूत हाथ माने जाने वाले कई नेताओं ने पार्टी को अलविदा कह दिया है। चुनाव में थोड़ा ही वक्त बचा है और टीएमसी में इस्तीफे का दौर जारी है। वहीं डायमंड हार्बर के टीएमसी के पूर्व विधायक दीपक हलधर बीजेपी में शामिल हो गए। 
पार्टी नेता मुकुल रॉय और सुवेंदु अधिकारी की मौजूदगी में हलधर ने बीजेपी की सदस्यता ली। दीपक हलदर ने सोमवार को तृणमूल कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। पश्चिम बंगाल के बारुईपुर में सभा करने पहुंचे बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी और राजीव बनर्जी को कुछ लोगों ने काले झंडे भी दिखाए है। बीजेपी ने इसका आरोप टीएमसी पर लगाया है। 
इससे पहले पिछले दिनों बीजेपी के वरिष्ठ नेता व गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री राजीब बनर्जी पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस के कुछ अन्य पूर्व नेताओं के साथ राष्ट्रीय राजधानी में बीजेपी में शामिल हुए थे। राजीब बनर्जी ने हाल ही में तृणमूल कांग्रेस छोड़ दी थी। उनके साथ विधायक प्रबीर घोषाल और बैशाली डालमिया तथा हावड़ा के पूर्व मेयर रतिन चक्रवर्ती एक विशेष विमान से दिल्ली पहुंचे और बीजेपी के केंद्रीय नेताओं से मुलाकात की। 
अमित शाह ने ट्वीट कर इन नेताओं के बीजेपी में शामिल होने की जानकारी दी थी। उन्‍होंने कहा था, ‘तृणमूल कांग्रेस के पूर्व नेता, राजीब बनर्जी, बैशाली डालमिया, प्रबीर घोषाल, रतिन चक्रवर्ती और रुद्रनील घोष आज नई दिल्ली में भाजपा में शामिल हो गए।  मुझे विश्वास है कि उनके शामिल होने से सोनार बांग्ला के लिए भाजपा की लड़ाई और मजबूत होगी।’

Desk Team