बंगाल में चुनाव के बाद भी जारी रहेगा ‘खेला होबे’, ममता सरकार ने शुरू की योजना

Summary :

‘खेला होबे’ नारे के नाम से बंगाल की ममता सरकार ने राज्‍य में खेलों के प्रोत्‍साहन के लिए सरकारी योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत रजिस्टर्ड क्‍लबों को फुटबॉल दिए जाएंगे।

पश्चिम बंगाल में चुनाव भले ही खत्म हो गए हों, लेकिन ‘खेला होबे’ जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव प्रचार में जोरशोर से लगाए गए ‘खेला होबे’ नारे के नाम से बंगाल की ममता सरकार ने राज्‍य में खेलों के प्रोत्‍साहन के लिए सरकारी योजना की शुरुआत की है, जिसके तहत रजिस्टर्ड क्‍लबों को फुटबॉल दिए जाएंगे।
सरकारी आदेश के मुताबिक, ‘खेला होबे’ योजना के तहत राज्य में स्पोर्ट्स एक्टिविटी और फुटबॉल खेलने के लिए युवाओं और छात्रों को प्रेरित करने के उद्देश्य से रजिस्टर्ड क्लबों को फुटबॉल दिए जाने का फैसला किया गया है। जुलाई के पहले सप्ताह से सभी पंजीकृति क्लबों को फुटबॉल दिए जाएंगे।
आदेश में कहा गया है कि फुटबॉल बनाने वाली कंपनी रिफ्यूजी हैंडीक्राफ्ट सरकार को इस योजना के लिए फुटबॉल सप्‍लाई करेगी। किस क्‍लब को कितनी फुटबॉल दी जाएंगी, किस तारीख को ये बांटी जाएंगी और इससे जुड़ी तमाम जानकारी जल्‍द जारी की जाएंगी। 
राज्‍य के अतिरिक्‍त सचिव उत्‍तम कुमार पात्रा की ओर से सभी डिस्ट्रिक्‍ट यूथ ऑफिसर को पत्र लिखा गया है। इसमें उनसे 28 जून तक फुटबॉल बांटने के लिए ब्‍लॉक स्‍तर पर सभी रजिस्‍टर्ड क्‍लब की जानकारी साझा करने को कहा गया है।

Desk Team