पंजाब के अमृतसर के काठियावाले बाजार में दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात ने लोगों को दहशत में डाल दिया। मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग दहशत में आ गए। हमलावर मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और रवनीत सिंह पर अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही अमृतसर पुलिस के अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसीपी) विशालजीत सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दो अज्ञात हमलावरों ने मोटरसाइकिल से आकर रवनीत सिंह उर्फ सोनू मोटा पर गोलीबारी की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एडीसीपी विशालजीत सिंह ने कहा कि हमें जानकारी मिली थी कि दो अज्ञात व्यक्तियों ने दो मोटरसाइकिल सवारों पर हमला किया। हमलावर एक्सप्रेस-वे की ओर भागे थे। इस घटना में रवनीत सिंह नाम के व्यक्ति को गोली लगी, जिसे इलाज के लिए तुरंत अस्पताल भेजा गया। हमारी टीम मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच में सीसीटीवी फुटेज व अन्य साक्ष्यों के आधार पर हमने एक हमलावर को पहचान लिया है।
जांच में जुटी पुलिस
उन्होंने बताया कि हमलावर का नाम अभिजीत सिंह उर्फ अभी है, जिसकी उम्र 25 वर्ष है। उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और अगली कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में दो हमलावरों की बात सामने आई है, लेकिन हम अभी और सत्यापन कर रहे हैं। अगर कोई अन्य व्यक्ति इस घटना में शामिल पाया गया, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। गोली की चोट के बारे में डॉक्टरों की रिपोर्ट और पोस्टमार्टम से स्थिति स्पष्ट होगी। एडीसीपी ने आगे कहा कि हमारी टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। गोलीबारी की वजह का पता लगाने के लिए गहन जांच की जा रही है।


Download Android App
Download iOS App



