पंजाब पुलिस ने मंगलवार को बताया कि पाकिस्तान स्थित तस्करों के साथ मिलकर ड्रोन के जरिये हथियारों और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल दो लोगों को अमृतसर से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कहा कि उसने अमृतसर के निवासियों लखबीर सिंह उर्फ लाखा और बचित्तार सिंह के पास से एक ड्रोन के अलावा एक पिस्तौल भी बरामद की है।
अमृतसर (ग्रामीण) पुलिस ने मुख्य संदिग्ध लखबीर को गुप्त सूचना के आधार पर सोमवार को शहर के ग्रामीण इलाके में गुरुद्वारा तल्हा साहिब के निकट पकड़ लिया। पुलिस ने कहा कि पूछताछ के दौरान लखबीर ने स्वीकार किया कि उसने चार महीने पहले दिल्ली से ड्रोन खरीदा था और उसे अमृतसर के गुरु अमरदास एवेन्यू में अपने साथी बचित्तार के घर पर रख दिया था।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक दिनकर गुप्ता ने कहा कि पुलिस ने उसकी निशानदेही पर ड्रोन बरामद कर बचित्तार को भी गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी ने कहा कि जांच में पता चला है कि लखबीर ने विदेशी तस्करों और समूहों के साथ व्यापक संचार नेटवर्क बना रखा था और वह पाकिस्तान स्थित कुख्यात तस्कर चिश्ती के करीबी संपर्क में था।


Download Android App
Download iOS App



