बीएसपी विधायक व माफिया डॉन मुख्तार अंसारी को लेकर बीजेपी और कांग्रेस के बीच तकरार दिनों-दिन बढ़ती जा रही है। बीजेपी पंजाब सरकार पर अंसारी को बचाने का आरोप लगा रही है। इस मामले में बीजेपी विधायक अलका राय ने प्रियंका गांधी वाड्रा को कई पत्र लिखे हैं और उनसे हस्तक्षेप करने की मांग की है। इस विवाद ने अब एक नया मोड़ ले लिया है।
कांग्रेस के नेता अजय राय ने बीजेपी सरकार पर यह आरोप लगाया है कि सरकार उन्हें समुचित सुरक्षा मुहैया न कराकर उनके जीवन को खतरे में डाल रही है क्योंकि मुख्तार अंसारी से उनके जीवन को गंभीर खतरा है। राय अपने भाई अवधेश राय की हत्या के मुख्य गवाह हैं। अजय राय के अनुसार, चूंकि मैं हत्या मामले का मुख्य गवाह हूं, अतएव कोर्ट के आदेशानुसार मैंने पत्र लिखकर मुख्यमंत्री से सुरक्षा दिए जाने की गुहार लगाई थी। लेकिन, कोर्ट के आदेश के बावजूद मेरी सुरक्षा, जिसे अज्ञात कारणों से वापस ले लिया गया था, बहाल नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि यह सरकार मुख्तार अंसारी जैसे माफिया डॉन को संरक्षण दे रही है। उनके खिलाफ जो भी कार्रवाई की जा रही है, वह महज एक दिखावा है। राय ने कहा कि कोर्ट ने वाराणसी के एसएसपी को सुरक्षा प्रदान करने का आदेश दिया था, लेकिन इस सम्बंध में कोई कार्रवाई नहीं हो पाई। उन्होंने कहा कि मैंने मुख्यमंत्री को जो पत्र लिखा था, उसमें स्पष्ट रूप से कहा था कि अपनी जान को खतरे के मद्देनजर मैं इस मामले में निर्भीक होकर आगे नहीं बढ़ पा रहा हूं।
बहरहाल, अजय राय ने कांग्रेस का बचाव करते हुए कहा कि वो विधायक अलका राय प्रियंका गांधी को पत्र लिख रही हैं, किन्तु उन्हें यह समझना चाहिए कि कांग्रेस कभी भी किसी माफिया का समर्थन नहीं करती है। अगर केंद्र व राज्य की बीजेपी सरकारें पंजाब की जेल से मुख्तार अंसारी को नहीं ला पा रही हैं तो यह उनकी नाकामी है।


Download Android App
Download iOS App



