आम आदमी पार्टी ने Delhi Assembly में तीन प्रमुख पदों पर की नियुक्तियां

Summary :

अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और नेता आतिशी ने दी जानकारी

आम आदमी पार्टी ने दिल्ली विधानसभा में तीन प्रमुख पदों पर नई नियुक्तियों की घोषणा की है। डिप्टी लीडर मुकेश अहलावत, मुख्य सचेतक संजीव झा और महासचिव जरनैल सिंह को नियुक्त किया गया है। पार्टी का मानना है कि ये नियुक्तियां विधानसभा में पार्टी के कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करने और दिल्ली के विकास से जुड़े मुद्दों पर जोर देने में मदद करेंगी।

आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली इकाई ने विधानसभा में पार्टी के विधायक दल के लिए नई नियुक्तियों की घोषणा की है। इन नियुक्तियों की जानकारी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधानसभा में पार्टी की नेता आतिशी ने दी। आम आदमी पार्टी के आधिकारिक बयान के अनुसार, दिल्ली विधानसभा में ‘आप’ विधायक दल के लिए तीन प्रमुख पदों पर नियुक्तियां की गई हैं। ये नियुक्तियां पार्टी संगठन को और मजबूत बनाने तथा विधानसभा में पार्टी के कामकाज को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए की गई हैं।

Delhi Assembly का बजट सत्र आज से होगा शुरू, AAP उठाएगी जनहित के मुद्दे

आम आदमी पार्टी द्वारा जारी की गई नियुक्तियों की सूची में डिप्टी लीडर मुकेश अहलावत, मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) संजीव झा और महासचिव के पद पर जरनैल सिंह के नामों की घोषणा की गई है। इन नियुक्तियों के बाद आम आदमी पार्टी ने भरोसा जताया है कि नए पदाधिकारी पार्टी के सिद्धांतों और विचारधारा के अनुसार कार्य करते हुए दिल्ली की जनता के हित में विधानसभा में अपनी भूमिका निभाएंगे।

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा, “इन नई नियुक्तियों से दिल्ली विधानसभा में ‘आप’ विधायकों का प्रदर्शन और अधिक प्रभावी होगा। पार्टी को विश्वास है कि ये नेता अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करेंगे और आम आदमी पार्टी की नीतियों को विधानसभा के माध्यम से जनता तक पहुंचाएंगे।”

आज से शुरू होगा बजट सत्र, AAP ने की सरकार को घेरने की तैयारी

वहीं, आप विधायक दल की नेता आतिशी ने कहा, “हमारी पार्टी हमेशा जनता की सेवा और पारदर्शिता में विश्वास रखती है। यह नई टीम विधानसभा में पार्टी को मजबूती प्रदान करेगी और दिल्ली के लोगों की आवाज को और प्रभावी तरीके से उठाएगी।”

गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में विपक्षी दल है और पार्टी का कहना है कि इन नई नियुक्तियों से विधानसभा में ‘आप’ का प्रदर्शन और बेहतर होगा तथा दिल्ली के विकास से जुड़े मुद्दों पर जोर दिया जाएगा।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.