Ashwini Kumar Chopra: महान राष्ट्रभक्त, प्रख्यात पत्रकार एवं पंजाब केसरी ग्रुप ऑफ पब्लिकेशंस के निदेशक रहे स्वर्गीय अश्विनी कुमार ‘मिन्ना’ की पुण्यतिथि रविवार को श्रद्धा, सम्मान और सेवा भाव के साथ मनाई गई। यह भावभीनी श्रद्धांजलि सभा प्रयागराज के संगम क्षेत्र के अरैल सेक्टर-7 के ग्रामीण जागृति शिक्षा समिति कार्यालय में आयोजित की गई, जहां बड़ी संख्या में पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता, साधु-संत और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
पत्रकारिता और राष्ट्रसेवा के प्रतीक थे अश्विनी कुमार ‘मिन्ना’
कार्यक्रम का आयोजन प्रयागराज ब्यूरो चीफ बाबी के नेतृत्व में किया गया। सर्वप्रथम उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय मिन्ना जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें शत-शत नमन किया। ब्यूरो चीफ बाबी ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अश्विनी कुमार ‘मिन्ना’ न केवल एक निर्भीक पत्रकार थे, बल्कि उन्होंने समाज सेवा, राष्ट्रहित और जनकल्याण को अपने जीवन का मूल उद्देश्य बनाया।
उन्होंने बताया कि स्वर्गीय मिन्ना जी, महान स्वतंत्रता सेनानी व शहीद शिरोमणि परम आदरणीय लाला जगत नारायण जी के पौत्र तथा अमर शहीद रमेश जी के सुपुत्र थे। राष्ट्रभक्ति, सत्यनिष्ठा और निर्भीक पत्रकारिता उनके जीवन के प्रमुख मूल्य रहे। उन्होंने पत्रकारिता के माध्यम से समाज की आवाज को बुलंद किया और हमेशा जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता दी।
साधु-संतों व गणमान्य नागरिकों की रही उल्लेखनीय मौजूदगी
कार्यक्रम में नागेंद्र प्रसाद पाण्डेय, शिवानन्द पाण्डेय, जय सागर, तौफीक अहमद, पीयूष मिश्र, अमित शुक्ल,संजय पाण्डेय, प्रभाकान्त त्रिपाठी, अमित पाण्डेय, स्वामी देवेंद्र रामानुज दास, महंत माधव महेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में साधु-संतों की उपस्थिति ने आयोजन को और भी गरिमामय बना दिया। साधु-संतों ने मिन्ना जी के व्यक्तित्व को समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताते हुए उनके बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
Prayagraj News: पुण्यतिथि के बाद श्रद्धालुओं में किया गया प्रसाद वितरण
पुण्यतिथि को ‘सेवा, समर्पण एवं परोपकार दिवस’ के रूप में मनाते हुए आयोजन के बाद श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया। संगम तट पर श्रद्धा और सेवा का माहौल देखने को मिला। उपस्थित लोगों ने संकल्प लिया कि वे स्वर्गीय मिन्ना जी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात कर समाज और राष्ट्र सेवा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
यह भी पढ़ें: पंजाब केसरी के संपादक अश्वनी चोपड़ा की पुण्य तिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित


Download Android App
Download iOS App







