Chhattisgarh Bhilai Live In Murder Case: छत्तीसगढ़ के भिलाई शहर में हुए एक सनसनीखेज लिव-इन रिलेशनशिप हत्याकांड का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। यह मामला नशे की हालत में हुए विवाद से जुड़ा है, जिसमें एक युवक ने अपनी लिव-इन पार्टनर की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी ने अपने भाई और दोस्त की मदद से शव को बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया था।
Chhattisgarh Bhilai Live In Murder Case: नाले में मिला महिला का शव
डीएसपी क्राइम अलेक्जेंडर किरो के अनुसार, 13 दिसंबर 2025 की सुबह भिलाई के चंद्रा मौर्या टॉकीज अंडरब्रिज के पास, एक कार सर्विसिंग सेंटर के सामने नाले में एक महिला का शव मिला। शव जूट की बोरी और काले प्लास्टिक में लिपटा हुआ था। महिला के शरीर को बुरी तरह मोड़कर रस्सियों से बांधा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की गई।

Chhattisgarh Crime News Today: पहचान के लिए बनाई गई विशेष टीम
शुरुआत में महिला की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान और हत्यारों तक पहुंचने के लिए एक विशेष टीम गठित की। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल कॉल डिटेल्स, सोशल मीडिया और अखबारों में प्रकाशित खबरों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। करीब पांच दिन की मेहनत के बाद 17 दिसंबर 2025 को सुपेला कृष्णा नगर निवासी योगेश निर्मलकर ने शव की पहचान की। उसने फोटो, हाथों की चूड़ियों और गोदने के निशान से महिला को पहचाना। मृतका का नाम आरती उर्फ भारती निर्मलकर था।
Live In Relationship Murder: लिव-इन रिलेशनशिप की सच्चाई
जांच में पता चला कि आरती पहले दो शादियां छोड़ चुकी थी। वह पिछले चार से पांच महीनों से कोसानगर, सुपेला में तुलाराम बंजारे के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। आरती को शराब और गुटखे की लत थी। नशे की हालत में वह अक्सर झगड़ा करती थी और घर से पैसे लेकर शराब पीने चली जाती थी, जिससे तुलाराम काफी परेशान रहता था।

नशे में हुआ विवाद और हत्या
5 दिसंबर 2025 को तुलाराम और आरती ने साथ बैठकर शराब पी। नशा बढ़ने पर दोनों के बीच झगड़ा हो गया। गुस्से में तुलाराम ने पहले आरती को थप्पड़ मारा और फिर उसका सिर दीवार पर पटक दिया। सिर में गंभीर चोट लगने से आरती की मौके पर ही मौत हो गई।
शव छिपाने की साजिश
हत्या के बाद तुलाराम ने शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। उसने आरती के शव को मोड़कर प्लास्टिक की रस्सी से बांधा और जूट व प्लास्टिक की बोरी में भर दिया। पहचान छिपाने के लिए उसने आरती की नाइटी को घर के चूल्हे में जला दिया।

आरोपियों की गिरफ्तारी
रात करीब तीन बजे तुलाराम ने अपने भाई गोवर्धन बंजारे और दोस्त शक्ति भौयर, जो ऑटो चालक है, की मदद ली। तीनों ने शव को ऑटो में लादकर चंद्रा मौर्या टॉकीज के पास नाले में फेंक दिया। शक से बचने के लिए तुलाराम ने मोहल्ले में यह अफवाह फैला दी कि आरती अपने पिता के इलाज के लिए नागपुर चली गई है। उसने घर में अपनी मां को भी बुला लिया था। पुलिस की सख्त जांच के बाद मुख्य आरोपी तुलाराम बंजारे, उसके भाई गोवर्धन बंजारे और दोस्त शक्ति भौयर को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
यह भी पढ़ें: नक्सलवाद से संवाद तक, छत्तीसगढ़ में शांति और विकास की नई राह: पूना मारगेम






















