Chhattisgarh Boiler Blast News: छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार दोपहर एक बड़ा हादसा सामने आया है। हो करीब 2 बजे प्लांट के अंदर अचानक बॉयलर फट गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमाका इतना तेज था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसा अचानक हुआ और किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। बॉयलर फटते ही तेज धमाका हुआ, जिसके बाद वहां काम कर रहे मजदूर इधर-उधर भागने लगे। चारों तरफ धुआं और चीख-पुकार का माहौल बन गया। उस समय प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर अपनी ड्यूटी पर मौजूद थे।
Chhattisgarh Boiler Blast News: कई मजदूर गंभीर रूप से घायल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस हादसे में लगभग 30 से 40 मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, कई मजदूरों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
मौत की आशंका, आधिकारिक पुष्टि बाकी
सूत्रों के हवाले से खबर है कि इस हादसे में 4 से 5 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक प्रशासन की ओर से किसी भी मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह स्पष्ट होने के बाद ही सही आंकड़े सामने आएंगे।
Chhattisgarh Blast News: राहत और बचाव कार्य जारी

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गए। बचाव दल ने राहत कार्य शुरू कर दिया है। मलबे में अभी भी कुछ लोगों के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है, इसलिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेजी से चलाया जा रहा है। घायलों को सुरक्षित बाहर निकालने और उन्हें समय पर इलाज दिलाने की कोशिश की जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही सक्ती जिले के वरिष्ठ अधिकारी और पुलिस टीम सिंघीतराई के लिए रवाना हो गए। मौके पर पहुंचकर अधिकारियों ने हालात का जायजा लिया और राहत कार्यों की निगरानी शुरू की। प्रशासन स्थिति को नियंत्रण में लाने और पीड़ितों को हर संभव सहायता देने में जुटा हुआ है।
हादसे के कारणों की जांच जारी
फिलहाल इस दुर्घटना के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर इसे तकनीकी खराबी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जोड़कर देखा जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि हादसे की असली वजह सामने आ सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग और मजदूरों के परिजन अस्पतालों और प्लांट के बाहर जुटे हुए हैं और अपने प्रियजनों की जानकारी लेने की कोशिश कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की है।


Download Android App
Download iOS App




