कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज कहा कि उनकी पार्टी और उसके सहयोगी दल झारखंड के जल, जंगल एवं जमीन की रक्षा करेंगे और इस काम में वे एक इंच भी पीछे नहीं हटेंगे, चाहे उनके सामने कोई भी खड़ हो। श्री गांधी ने यहां खूंटी लोकसभा सीट से पार्टी उम्मीदवार कालीचरण मुंडा के के पक्ष में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि न तो कांग्रेस और न ही उसके सहयोगी किसी से डरते है। उन्होंने कहा, ‘‘हम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से डरते नहीं हैं और आदिवासियों एवं किसानों तक उनका हक पहुंचा कर रहेंगे। चाहे ऐसा करने से रोकने के लिए कोई भी शक्ति सामने क्यों न हो या फिर आसमान ही नीचे क्यों न आ जाये।
कांग्रेस और उसके सहयोगी झारखंड के जल, जंगल और जमीन की रक्षा हर हाल में करेंगे।’’ कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में प्रधानमंत्री ने लोगों से कई वादे किए, जिनमें हर साल दो करोड़ रोजगार के अवसर पैदा करना, आदिवासियों की मदद करना और उनकी जमीन की रक्षा करना, किसानों को उनके उत्पादों का सही मूल्य प्रदान करना एवं 15 लाख रुपये देना शामिल हैं। लेकिन, श्री मोदी द्वारा किया गया कोई भी वादा पूरा नहीं किया गया।
केवल उद्योगपति अनिल अंबानी, अडानी, नीरव मोदी और मेहुल चोकसी सहित 15-20 लोगों के लिए पिछले पांच साल में काम किया गया है। श्री गांधी ने कहा कि पिछले पांच वर्ष में श्री मोदी ने 15-20 भ्रष्ट और अमीर लोगों के ऋण माफ कर दिये, लेकिन आदिवासियों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और दुकानदारों के लिए ऐसा कुछ करने में पूरी तरह विफल रहे। उन्होंने कहा कि देश में मनरेगा के बजट के करीब 35 हजार करोड़ रुपये नीरव मोदी को दे दिये गये, जिनका इस्तेमाल देश भर में लोगों के लिए रोजगार पैदा करने के लिए किया जा सकता था।


Download Android App
Download iOS App



