प्रयागराज : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्षी पार्टी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि कांग्रेस के राज में भ्रष्टाचार को भी शिष्टाचार बना दिया गया था।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के लिए और भारत को लूटने वालों के लिए अब कोई भी सीमा और सरहद छोटी है।
मोदी ने यहां परेड ग्राउंड पर एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पांच साल पहले तक भारत की सरकार शांति के तथाकथित काल में सीमा पार करने की सोचती भी नहीं थी। उस दौरान चुपचाप आतंकियों से मिले और पाकिस्तान के नखरे हिंदुस्तान की सरकार सहती रहती थी।
विपक्ष मोदी को जितनी गालियां देगा उतनी ही शान से खिलेगा कमल : अमित शाह
प्रयागराज से भाजपा की प्रत्याशी रीता बहुगुणा जोशी और फूलपुर से प्रत्याशी केशरी देवी पटेल के समर्थन में लोगों से मतदान की अपील करने आए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमें अक्सर ताना दिया जाता था संसद पर हमले के बाद जिस नए सैन्य सिद्धांत की बात की जाती थी वह कब काम आएगा।
पहले नवंबर 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक और फिर फरवरी 2019 की एयर स्ट्राइक भारत की रक्षा नीति में मील का पत्थर है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सरकार ने कम महंगाई दर और सबसे तेज विकास दर का रिकार्ड कायम किया है।’’
श्री मोदी ने कहा ‘‘21वीं सदी का भारत आपकी इच्छा और आकांक्षाओं को परिलक्षित करने वाला होगा। 20वीं सदी में जो हुआ उसे भूल जाइये। अब हमें मिलकर नए भारत का निर्माण करना है। पुरानी राजनीति के स्थान को बदलने के लिए एवं चौथी औद्योगिक क्रांति में भारत की भूमिका सुनश्चित करने के लिए और मजबूत सरकार के लिए आप लोगों को वोट करना है। ’’
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्थिर और मजबूत सरकार ही मजबूती से भारत के हितों की रक्षा कर पायेगी। पांच साल पहले तक सीमा पर पिछली सरकार चुप-चाप आतंकवादियों और पाकिस्तान के नखरे सहती रहती थी। नवम्बर 2016 का सर्जिकल स्ट्राइक और फरवरी 2019 का एयर स्ट्राइक भारत की रक्षा प्रहरियों में मील का पत्थर है। आतंकवादियों को यहां मार गिराया और उनकी सीमा में घुस कर वार करेंगे।
कांग्रेस सरकार ने देश की सुरक्षा नीति को कभी गंभीरता से नहीं लिया। भारत में रहते हुए आतंकवाद और आतंकी को समर्थन नहीं सहा जायेगा।
उन्होने कहा ‘‘ गंगा की सफाई के लिए दशकों से बात की गयी थी, हमारे शासन में गंगा का निर्मलीकरण और स्वच्छता का कार्य सही दिशा में चल रहा है। पिछले पांच में ढांचागत निर्माण में दोगने की बढा़त्तरी हुई है। इन पांच सालों में सब से कम मंहगाई दर और सबसे अधिक विकास किया गया है। विकास तभी संभव होगा जब देश और शहर सुरक्षित होगा।
श्री मोदी ने सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सरकार का बखान करते हुए कहा कि उनके शासनकाल में गुण्डो, बदमाशों पर लगाम लगायी है। समाजवादी पार्टी (सपा) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के राज में बेलगाम होकर अपराधी महिलाओं को उठा ले जाते थे। व्यापारियों को डराते और परेशान करते थे। इसे योगी के शासनकाल में बन्द कर दिया गया है। कानून व्यवस्था भी सुधर रही है। अब उद्योगों और विकास के लिए एक बेहतर माहौल तैयार है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जीएसटी आने से पहले चीजों पर देश 30 प्रतिशत टैक्स चुकता करता था और अब 99 प्रतिशत सामानों पर केवल 18 प्रतिशत से भी कम टैक्स कर दिया है। यह पहली बार इतिहास में हुआ है, जब इमानदार टैक्स जमा करने वाले को सम्मान मिला है। पांच लाख रूपये तक की टैक्सेबल आय को टैक्स के दायरे से बाहर कर दिया है।
उन्होने कहा कि बीते पांच वर्षों में जो मंहगाई दर 10 प्रतिशत की औसत से बढ़ रही थी, वह अब घटकर चार प्रतिशत के आस-पास आ गयी है।
श्री मोदी ने इलाहाबाद की प्रत्याशी डा रीता बहुगणा जोशी और फूलपुर की प्रत्याशी श्रीमती केसरी देवी पटेल के पक्ष में मतदान करने की लोगों से अपील करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में विकास की डबल इंजिन बनाए रखने के लिए आप को कमल के फूल पर बटन दबाना है।
इससे पहले उन्होने प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए कहा कि वह उन्हें उनकी सफलता के लिए आर्शीवाद देने आये हैं। गरीब परिवार के लोगों को आरक्षण का लाभ मिलने वाला है। उन्होने कहा कि परीक्षा की तैयारी से थोड़ समय निकालकर नए भारत के निर्माण के लिए महायज्ञ में अपना योगदान करें।
श्री मोदी ने भाषण के अन्त में कहा ‘‘ न जात पर न नाम पर, बटन दबेगा काम पर, न जात पर न नाम पर बटन दबेगा कमल के निशान पर।’’


Download Android App
Download iOS App



