’43 हजार से अधिक लोग प्रभावित, सड़कें टूटीं, 56 की मौत…’, श्रीलंका में चक्रवाती तूफान ‘दित्वा’ ने मचाया कहर

Summary :

Cyclone Ditwah in Sri Lanka: चक्रवाती तूफान दित्वा ने भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में बड़ी तबाही मचा दी है। शुक्रवार को तेज बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन हुए, जिनमें अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 23 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हालात बिगड़ते देख सरकार ने शुक्रवार को पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। केवल ज़रूरी सेवाओं, जैसे अस्पताल, बिजली और पुलिस में लगे कर्मचारियों को ही काम पर आने की अनुमति दी गई है। Cyclone Ditwah in Sri Lanka: बारिश और भूस्खलन ने…

Cyclone Ditwah in Sri Lanka: चक्रवाती तूफान दित्वा ने भारत के पड़ोसी देश श्रीलंका में बड़ी तबाही मचा दी है। शुक्रवार को तेज बारिश के बाद कई इलाकों में बाढ़ और भूस्खलन हुए, जिनमें अब तक 56 लोगों की मौत हो चुकी है। इसके अलावा 23 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। हालात बिगड़ते देख सरकार ने शुक्रवार को पूरे देश में सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है। केवल ज़रूरी सेवाओं, जैसे अस्पताल, बिजली और पुलिस में लगे कर्मचारियों को ही काम पर आने की अनुमति दी गई है।

Cyclone Ditwah in Sri Lanka: बारिश और भूस्खलन ने बढ़ाई मुश्किलें

डिज़ास्टर मैनेजमेंट सेंटर (DMC) का कहना है कि पिछले 72 घंटों में 46 लोगों की जान गई है। श्रीलंका के पूर्वी और मध्य क्षेत्रों में एक ही दिन में 300 मिमी से अधिक बारिश हुई, जिसके चलते कई जगहों पर भूस्खलन हुआ। अधिकांश मौतें इसी वजह से हुई हैं।

Cyclone in Sri Lanka: 43 हजार से ज्यादा लोग प्रभावित

सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 12,313 परिवार, यानी करीब 43,991 लोग, इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। कई घर पूरी तरह बह गए या मलबे में दब गए। वहीं सड़कों के टूटने और बिजली आपूर्ति बाधित होने से राहत कार्यों में बड़ी दिक्कतें आ रही हैं। कई जिलों में रेड अलर्ट जारी है। सेना और राहत दल लगातार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में लगे हैं। सरकार ने नागरिकों से अपील की है कि वे घर से अनावश्यक बाहर न निकलें, क्योंकि मौसम अभी भी खराब है और बारिश जारी है।

Cyclone Ditwah in Sri Lanka
Cyclone Ditwah in Sri Lanka (CREDIT-SM)

Sri lanka Cyclone News: मौसम विभाग की चेतावनी

मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि अगले कुछ दिनों तक तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसलिए आशंका जताई जा रही है कि मृतकों और लापता लोगों की संख्या और बढ़ सकती है। इस कठिन समय में श्रीलंका के लोग एक-दूसरे की मदद कर रहे हैं, जबकि पड़ोसी देश भी सहायता के लिए आगे आ रहे हैं।

Cyclone Ditwah in Sri Lanka (CREDIT-SM)
Cyclone Ditwah in Sri Lanka (CREDIT-SM)

PM नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किया दुख

तूफान से हुए भारी नुकसान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि श्रीलंका में जिन परिवारों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति वे संवेदना व्यक्त करते हैं। साथ ही उन्होंने श्रीलंका की हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

भारत के तटीय राज्यों के लिए चेतावनी

तूफान दित्वा अब भारत के तटों की ओर बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने तमिलनाडु, पुडुचेरी और  दक्षिणी आंध्र प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक मौसम बिगड़ने की संभावना है।

यह भी पढ़ें: थाईलैंड में बाढ़ और लैंडस्लाइड से हाहाकार, 145 पार पहुंचा मौतों का आंकड़ा, लोगों में दहशत

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।