Deepak Baij On Chhattisgarh: दीपक बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया अपील पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के बयान ने देशवासियों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बैज ने कहा कि पिछले दो महीनों से देश पेट्रोल, डीजल और गैस संकट से जूझ रहा है, महंगाई चरम पर है, लेकिन राहत देने के बजाय प्रधानमंत्री लोगों को कम उपयोग करने की सलाह दे रहे हैं।
उर्वरकों का उपयोग कम करने की अपील
बैज ने कहा कि प्रधानमंत्री किसानों से उर्वरकों का उपयोग कम करने की अपील कर रहे हैं, जबकि देश में पिछले कई वर्षों से खाद की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने दावा किया कि छत्तीसगढ़ में 15 लाख मीट्रिक टन उर्वरक की जरूरत है, लेकिन अब तक मात्र 51 हजार मीट्रिक टन खाद ही सोसायटियों तक पहुंच पाई है। इससे किसानों की उत्पादकता प्रभावित हो रही है और वे कर्ज के बोझ तले दबते जा रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री की “वर्क फ्रॉम होम” सलाह पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि फेरी लगाने वाले, दिहाड़ी मजदूर और छोटे व्यवसायी घर बैठकर कैसे काम करेंगे? उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने “आराम हराम है” का संदेश दिया था, जबकि आज प्रधानमंत्री लोगों को घर बैठने की सलाह दे रहे हैं।
सोने की कीमत कई गुना
बैज ने बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में खाद्य तेल, दाल, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल और रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम कई गुना बढ़ गए हैं। उन्होंने दावा किया कि 2013 की तुलना में आज सोने की कीमत कई गुना बढ़ चुकी है और आम आदमी की बचत खत्म हो गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने बीते 12 वर्षों में पेट्रोलियम उत्पादों पर भारी टैक्स लगाकर जनता से लाखों करोड़ रुपये वसूले, लेकिन देश में क्रूड ऑयल भंडारण क्षमता बढ़ाने के लिए एक भी नया केंद्र नहीं बनाया। बैज ने कहा कि आज पेट्रोल-डीजल और गैस संकट केंद्र सरकार की लापरवाही का परिणाम है। कांग्रेस नेताओं ने भाजपा नेताओं और मंत्रियों से भी प्रधानमंत्री की सलाह पर अमल करते हुए साइकिल से चलने और बड़े काफिले बंद करने की मांग की। पत्रकार वार्ता में कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
ALSO READ: वनांचल के होनहार विद्यार्थियों को बड़ा तोहफा, छात्रवृत्ति योजना 2026 की राशि ऑनलाइन जारी


Download Android App
Download iOS App




