Delhi का बजट जनता के सुझावों पर आधारित होगा: CM Rekha Gupta

Summary :

दिल्ली सरकार 24 से 26 मार्च के बीच बजट पेश करेगी

दिल्ली सरकार 24 से 26 मार्च के बीच बजट पेश करेगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दावा किया कि आगामी बजट “विकसित दिल्ली बजट” को जनता के सुझावों के आधार पर तैयार किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने एक प्रेस वार्ता में इस बात की जानकारी दी और कहा कि यह बजट दिल्ली के विकास को तेज गति से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है।

Delhi विधानसभा: भाजपा ने कहा, 14 CAG रिपोर्ट अब भी लंबित

मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली की जनता ने उनकी पार्टी को पूर्ण बहुमत में जीत दिलाई है और अब उनकी सरकार का उद्देश्य जनता की आकांक्षाओं को पूरा करना है। सरकार का ध्यान दिल्ली के हर वर्ग के विकास, उन्नति और कल्याण पर है। इस बजट में विशेष रूप से महिलाओं की आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार, प्रदूषण नियंत्रण, सार्वजनिक परिवहन का सुधार, नौकरियों का सृजन, शिक्षा की बेहतर व्यवस्था, गरीबों के लिए सस्ता और पौष्टिक भोजन, नागरिकों के कल्याण और यमुना नदी की सफाई पर ध्यान दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा, “हमारा लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि दिल्ली का यह बजट जनता का बजट हो। इसमें जनता की भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने विशेष कदम उठाए हैं। इस प्रक्रिया के तहत दिल्ली सरकार ने एक वेबसाइट और ईमेल आईडी जारी की है, ताकि दिल्ली के नागरिक अपने सुझाव दे सकें। इसके अलावा, दिल्ली सरकार ने विभिन्न समूहों से सुझाव लेने के लिए बैठक आयोजित की हैं। 5 मार्च को महिला संगठनों से संवाद किया जाएगा, जबकि 5 मार्च शाम को शिक्षा क्षेत्र से जुड़े व्यक्तियों को आमंत्रित किया गया है। 6 मार्च को व्यापारिक और औद्योगिक संगठनों से सुझाव लिए जाएंगे। इसके अलावा, दिल्ली के अन्य वर्गों जैसे किसान, युवा, और अनधिकृत कॉलोनी के लोग भी अपने सुझाव दे सकते हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सभी मंत्रिमंडल सदस्य और विधायक जनता के बीच जाएंगे और उनके सुझावों को सुनेंगे। इस प्रक्रिया के दौरान, सरकार का उद्देश्य यह है कि दिल्ली का बजट पूरी तरह से जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए तैयार हो।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.