Etah Accident News: उत्तर प्रदेश के एटा जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र में स्थित रेलवे पुल पर एक गंभीर सड़क हादसा सामने आया है। दिल्ली की ओर से आ रही यात्रियों से भरी रोडवेज बस और मोरंग (रेत) से लदे ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरे। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग मदद के लिए दौड़ पड़े।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत एटा के वीरांगना अवंती बाई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस हादसे में करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए हैं। राहत की बात यह रही कि किसी की जान नहीं गई और ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
Etah Accident News: वाहनों को हटाकर रास्ता कराया गया साफ

हादसे के बाद सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को हटवाया और रास्ते को फिर से सुचारू कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। बस में सवार एक यात्री सुधीर, जो बल्लभगढ़ के निवासी हैं, उन्होंने बताया कि वह आनंद विहार से बस में बैठे थे और हरदोई-फर्रुखाबाद जा रहे थे।
उनकी नानी का निधन हो गया था, इसलिए वे यात्रा कर रहे थे। उन्होंने बताया कि बस तेज गति से चल रही थी और सामने से आ रहा ट्रक भी काफी तेज था। अचानक दोनों की भिड़ंत हो गई, जिससे बस एक तरफ और ट्रक दूसरी तरफ पुल से नीचे गिर गए। हादसे के बाद बस में मौजूद बच्चे और महिलाएं घबरा गए और जोर-जोर से चीखने लगे।
घायलों की सूची

इस दुर्घटना में कई लोग घायल हुए हैं, जिनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। प्रमुख घायलों में गंगा देवी (48), श्यामा देवी (55), मुस्कान (8), मानवी (14), प्रीति (26), निखिल (12), निर्जिल (8), सुधीर (32), कोमल (32) और प्रदीप (42) शामिल हैं। ये सभी अलग-अलग स्थानों जैसे बल्लभगढ़, एटा, शाहजहांपुर, फर्रुखाबाद और दिल्ली के निवासी हैं।
1. गंगा देवी 48/महिला हरिहर निवासी: B153, P/S भीकम कॉलोनी, बल्लभगढ़, हरियाणा
2. श्यामादेवी 55/महिला श्यामपाल निवासी: मनकिया, P/S जैथरा, एटा
3. मुस्कान 8/महिला (पुत्री) श्यामपाल निवासी: B153, P/S भीकम कॉलोनी, बल्लभगढ़, हरियाणा
4. मानवी 14/महिला (पुत्री) संजीव निवासी: कलान, शाहजहांपुर
5. प्रीति 26/महिला (पत्नी) संजीव निवासी: कलान, शाहजहांपुर
6. निखिल 12/पुरुष (पुत्र) संजीव निवासी: कलान, शाहजहाँपुर
7. निर्जिल 8/पुरुष (पुत्र) संजीव निवासी: कलान, शाहजहाँपुर
8. सुधीर 32/पुरुष (पुत्र) हरिहर निवासी: फरीदाबाद, हरियाणा
9. कोमल 32/महिला (पत्नी) विजय प्रताप निवासी: पटुरा, P/S नवाबगंज, फर्रुखाबाद
10. प्रदीप 42/पुरुष (पुत्र) किशनलाल निवासी: 9/95 त्रिलोकपुरी, P/S कल्याणपुरी, दिल्ली
जांच जारी
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे का कारण दोनों वाहनों की तेज रफ्तार बताया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही सही कारण सामने आ पाएगा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें: चलती गाड़ी में लगी आग, जिंदा जली महिला, पति झुलसा, मौके पर मची चीख पुकार; बदायूं घटना से मचा हड़कंप


Download Android App
Download iOS App




