Gorakhpur CID Woman Constable Murder: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में पत्नी को जहर देकर मारने वाला कांस्टेबल पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। आरोपी कांस्टेबल ने शनिवार को वारदात के लगभग तीन महीने बाद गोरखपुर कोर्ट में सरेंडर कर दिया। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। कांस्टेबल का अपनी सहकर्मी महिला कांस्टेबल से अवैध संबंध था और 50 लाख रूपये के इंश्योरेंस की रकम हड़पने के लिए उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी।
Gorakhpur Murder News: सहकर्मी महिला कांस्टेबल के साथ अफेयर

शाहपुर थाना क्षेत्र के पादरी बाजार, श्याम विहार कॉलोनी निवासी अष्टभुज यादव की शादी दिसंबर 2013 में सरोज यादव से हुई थी। दोनों के एक बेटा और एक बेटी भी है। पत्नी सरोज यादव (38 वर्षीय) CID में गोरखपुर में हेड कांस्टेबल के पद पर तैनात थी। संत कबीर नगर पोस्टिंग के दौरान अष्टभुज का अपनी सहकर्मी महिला कांस्टेबल के साथ अफेयर शुरू हो गया। पत्नी को जब इसकी भनक लगी तो उसने विरोध किया और सारी बात अपने पिता को बताई। दोनों में समझौता करवाया गया, इसके बावजूद भी अष्टभुज पत्नी की हत्या की प्लानिंग करने लगा। वह लखनऊ में अधिकारी का गनर है।
आरोपी ने पहले अपनी पत्नी सरोज का 50 लाख का टर्म इंश्योरेंस कराया, उसके नाम से दो बड़े लोन लिए। इसके बाद अपनी मां और बहन की मौजूदगी में सरोज को जहर दे दिया। अगले दिन सुबह परिजनों को सूचना दी कि सरोज की तबियत खराब है। जब सरोज के पिता हीरालाल यादव पहुंचे, तो सरोज की लाश मिली।
Police Constable Murder Case: इंश्योरेंस की रकम हड़पने के लिए हत्या

दरअसल, 27 फरवरी की रात हुई मौत को सामान्य बताया गया था। पोस्टमार्टम में कारण स्पष्ट न मिलने पर विसरा जांच कराई गई। अगस्त में आई फोरेंसिक जांच रिपोर्ट में सामने आया कि एल्युमीनियम फॉस्फाइड जहर मिला है। रिपोर्ट के आधार पर शाहपुर पुलिस ने सितंबर में सरोज के पिता हरीलाल यादव की तहरीर पर अष्टभुज, उसकी मां और पिता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया था।

हरीलाल यादव सरकारी विभाग से रिटायर हैं, उन्होंने दामाद अष्टभुज पर गंभीर आरोप लगाया कि खलीलाबाद पोस्टिंग के दौरान उसका एक महिला कांस्टेबल से अवैध संबंध था। बेटी ने जब विरोध किया, तो वह उसे मारता-पीटता था। पिता ने आरोप लगाया कि अवैध संबंध जारी रखने, आर्थिक लाभ पाने और इंश्योरेंस की रकम हड़पने के लिए जहर देकर हत्या की गई है। कई महीनों से फरार चल रहे आरोपी अष्टभुज ने शनिवार को अचानक कोर्ट में सरेंडर कर दिया।























