ग्रेटर नोएडा : क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में युवक की हत्या, तीन आरोपी हिरासत में

Summary :

ग्रेटर नोएडा में क्रिकेट विवाद ने ली युवक की जान

ग्रेटर नोएडा में एक ऐसा मामला सामने आया है जिसमें क्रिकेट खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक की उसके साथियों ने बैट से पीट-पीट कर हत्या कर दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और उसके बाद उन्होंने तीन आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस के मुताबिक युवक का शव पड़े होने की सूचना उन्हें मिली थी। जब जांच की गई तो पता चला कि विवाद के बाद युवक को बुरी तरह से पीटा गया है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दिनांक 18 फरवरी को थाना सूरजपुर क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलने पर थाना सूरजपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की तो मृतक की पहचान मनीष कुमार शर्मा (32 वर्ष), निवासी कस्बा सूरजपुर के रूप में हुई।

पुलिस जांच के दौरान यह सामने आया कि मृतक मनीष कुमार का कुछ लड़कों से क्रिकेट खेलने को लेकर झगड़ा हुआ था। आरोप है कि इस झगड़े के बाद आरोपियों ने क्रिकेट बैट से हमला कर मनीष की हत्या कर दी। पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर अग्रिम विधिक कार्यवाही शुरू कर दी है। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया है। इस मामले में आरोपियों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किया गया है और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने मौके पर कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.