ग्रेटर नोएडा में भारत शिक्षा एक्सपो-2025, 24 से 26 अप्रैल तक होगा आयोजन

Summary :

शिक्षा एक्सपो-2025: 100 से अधिक प्रदर्शक करेंगे भागीदारी

भारत शिक्षा एक्सपो-2025 का आयोजन 24 से 26 अप्रैल तक ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा। इस एक्सपो में 100 से अधिक प्रदर्शक भाग लेंगे, जो शिक्षा क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों, उत्पादों और सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। इसमें छात्रों के लिए सिंगिंग प्रतियोगिता, क्विज और काउंसलिंग जोन जैसी गतिविधियां भी होंगी।

भारत शिक्षा एक्सपो-2025′ एक बार फिर भव्यता के साथ लौट रहा है। अपनी पहली अभूतपूर्व सफलता के बाद, इस एक्सपो का द्वितीय संस्करण 24 से 26 अप्रैल तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन इंडिया एक्सपोजीशन मार्ट लिमिटेड कर रहा है, जिसे उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा विभाग एवं ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण का सहयोग प्राप्त है। अपर जिलाधिकारी प्रशासन मंगलेश दुबे ने सोमवार को एक्सपो से संबंधित विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन गौतमबुद्ध नगर को एनसीआर के प्रमुख नॉलेज हब के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। 2024 में आयोजित प्रथम संस्करण में यह एक्सपो क्षेत्र का पहला समर्पित शिक्षा मंच बनकर उभरा था, जिसमें देश-विदेश से आए एक लाख से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया था। उस समय इसमें 50 से अधिक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान एवं एजुकेशन सर्विस प्रोवाइडर्स ने भागीदारी की थी। 2025 में यह एक्सपो और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 100 से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे।

Greater Noida: अस्तौली में बनेगा बायो CNG प्लांट, गीले कूड़े से मिलेगा हरित ईंधन

यह प्रदर्शक शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न वर्गों का प्रतिनिधित्व करेंगे और नवीनतम तकनीकों, उत्पादों तथा सेवाओं का प्रदर्शन करेंगे। 7,000 वर्ग मीटर में फैले इस एक्सपो में विश्वविद्यालय, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, स्टडी अब्रॉड कंसल्टेंट्स, एजुकेशन लोन और स्कॉलरशिप सेवाएं आदि प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके अतिरिक्त एक्सपो में क्रिएथन (इडियटम, हैकथन, कोड थोन), रोबो रेस, रोबो सॉकर, ड्रोन शो, आईटी डेमॉस्ट्रेशन और प्रकृति एवं रोबोटिक्स पर आधारित इंटरैक्टिव वर्कशॉप्स जैसी रोमांचक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।

स्कूल और कॉलेज के छात्रों के लिए सिंगिंग प्रतियोगिता, साइंस, बिजनेस और टेक्नोलॉजी पर आधारित क्विज और काउंसलिंग जोन जैसी गतिविधियां भी शामिल होंगी।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.