Koderma Road Accident: झारखंड के कोडरमा घाटी में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मेघातरी काली मंडा के पास ढलान पर दो ट्रेलरों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक ट्रेलर ड्राइवर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। शुरुआती जांच में पीछे चल रहे ट्रेलर का ब्रेक फेल होने की वजह से हादसा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों ट्रेलर रांची की तरफ से आ रहे थे और कोडरमा होते हुए बिहार की ओर जा रहे थे। मेघातरी के पास सड़क पर ढलान वाले हिस्से से गुजरते समय दोनों ट्रेलर एक-दूसरे के पीछे चल रहे थे। इसी दौरान पीछे चल रहे ट्रेलर का अचानक ब्रेक फेल हो गया। ड्राइवर ने वाहन को संभालने की कोशिश की, लेकिन ढलान होने के कारण ट्रेलर की रफ्तार पर काबू नहीं पाया जा सका। कुछ ही देर में अनियंत्रित ट्रेलर आगे चल रहे ट्रेलर के केबिन से जा भिड़ा।
टक्कर इतनी तेज थी कि ड्राइवर की मौत हो गई
दोनों वाहनों की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आगे चल रहे ट्रेलर का ड्राइवर केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे में ड्राइवर की दर्दनाक मौत हो गई। टक्कर की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि ड्राइवर का शरीर दो हिस्सों में विभाजित हो गया। शरीर का एक हिस्सा पीछे से टकराने वाले ट्रेलर के केबिन में जा गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा उसी केबिन में फंसा रह गया। हादसे के बाद दोनों वाहनों के आसपास का इलाका काफी देर तक अफरा-तफरी में रहा। रात का समय होने के बावजूद तेज आवाज के कारण आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हो गई।
हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। ट्रेलरों की टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास की दुकानों में मौजूद लोग और घरों में सो रहे ग्रामीण भी घबरा गए। कुछ ही देर में स्थानीय लोग और राहगीर घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचने के बाद लोगों ने पुलिस को हादसे की सूचना दी। सूचना मिलते ही कोडरमा घाटी की हाईवे गश्त पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव का काम शुरू किया।
पुलिस और बचाव दल ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
हादसे के बाद ट्रेलर का केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। मृत ड्राइवर का शव अंदर फंस गया था, जिसे बाहर निकालने में पुलिस और बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी कोशिश के बाद शव को केबिन से बाहर निकाला गया। सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सागर कुमार गिरी भी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस की मदद की।
हादसे में गंभीर रूप से घायल एक अन्य व्यक्ति को मौके से निकालकर तत्काल कोडरमा सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में उसका इलाज जारी है। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी में ट्रेलर का ब्रेक फेल होना हादसे की वजह सामने आई है।
यह भी पढ़ें: धनबाद में दर्दनाक हादसा, 10 माह के मासूम संग मां ने खुद को लगाई आग, इलाज के दौरान मौत


Download Android App
Download iOS App




