Madhya Pradesh: विदिशा में बारातियों का वाहन पलटा, चार की मौत, CM मोहन यादव ने जताया शोक

Summary :

मदागन घाटी में बारातियों का वाहन पलटा, चार मृत, 12 घायल

मध्य प्रदेश के विदिशा में बारातियों का वाहन पलटने से चार लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हुए। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को 2 लाख और गंभीर घायलों को 50 हजार की सहायता राशि देने की घोषणा की। प्रशासन ने घायलों का इलाज सुनिश्चित किया है।

मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुरुवार की देर रात को बारातियों से भरा वाहन पलट गया। इस हादसे में चार लोगों की मौत हुई है, वहीं 12 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने दुख व्यक्त किया है और सहायता राशि का भी ऐलान किया है। बताया गया है कि इंदौर के एक गांव से विदिशा के सिरोंज में बारात आई थी। यह बारात गुरुवार की देर रात को लौट रही थी, इसी दौरान मदागन घाटी पर बारातियों का वाहन पलट गया। इस वाहन में 16 लोग सवार थे, जिनमें से चार लोगों की मौत हो गई है, वहीं 12 अन्य लोग घायल हुए हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर है और उनका उपचार जारी है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एक वाहन में बाराती सवार थे जबकि दूसरे वाहन में दूल्हा, दुल्हन और अन्य लोग थे। हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचा। मृतकों के शवों को जहां पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, वहीं घायलों का उपचार जारी है।

सामूहिक विवाह सामाजिक समरसता का सशक्त माध्यम : CM Mohan Yadav

इस हादसे पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया है और कहा है कि विदिशा जिले के लटेरी तहसील क्षेत्र में बस दुर्घटनाग्रस्त होने से चार लोगों की आकस्मिक मृत्यु का समाचार अत्यंत ही दुखद है। दुख की इस घड़ी में सभी शोकाकुल परिजनों के साथ मेरी शोक संवेदनाएं हैं। जिला प्रशासन की मदद से दुर्घटना में हुए घायलों को जिला चिकित्सालय में उपचार हेतु समुचित व्यवस्था की गई है।

मृतकों के परिजनों को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 2-2 लाख रुपए एवं गंभीर रूप से घायलों को 50-50 हजार रुपए की आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने आगे कहा कि बाबा महाकाल से प्रार्थना है कि दिवंगतों की पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान, घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ तथा शोकाकुल परिजनों को यह गहन दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.