Noida Schools Bomb Threat: दिल्ली-NCR के स्कूलों को मिल रही बम की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह, दिल्ली से सटे नोएडा के कई स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद दहशत फैल गई। दिल्ली-NCR के स्कूलों को मिल रही बम की धमकियों का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा है।
शुक्रवार सुबह, दिल्ली से सटे नोएडा के कई स्कूलों को बम की धमकी वाले ईमेल मिलने के बाद दहशत फैल गई। नोएडा में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब शहर के नामी शिक्षण संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी भरा होक्स ई-मेल मिला। सबसे पहले सेक्टर-126 थाना क्षेत्र स्थित स्टेप बाय स्टेप स्कूल को संदिग्ध मेल प्राप्त हुआ, जिसमें स्कूल परिसर में बम विस्फोट की धमकी दी गई थी।
Noida Bomb Threat: पुलिस को दी गई तुरंत जानकारी

स्कूल प्रशासन द्वारा तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं। सूचना मिलते ही सेक्टर-126 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्कूल परिसर को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। एहतियातन स्कूल में मौजूद छात्रों, शिक्षकों और स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक कदम उठाए गए। इसके बाद बॉम्ब डिस्पोजल स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की मदद से पूरे स्कूल परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। कक्षाओं, गलियारों, बेसमेंट, खेल मैदान और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
Noida Threat News Today: जांच में क्या कुछ मिला?
जांच के दौरान किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई, जिसके बाद पुलिस ने मेल को होक्स करार दिया। हालांकि, एहतियात के तौर पर कुछ समय तक पुलिस बल मौके पर तैनात रहा और स्थिति पर नजर बनाए रखी गई। इसी बीच जानकारी सामने आई कि केवल स्टेप बाय स्टेप स्कूल ही नहीं, बल्कि एमिटी स्कूल और शिव नादर स्कूल को भी इसी तरह के धमकी भरे होक्स मेल प्राप्त हुए हैं। तीनों प्रतिष्ठित स्कूलों को एक साथ धमकी मिलने से प्रशासन और अभिभावकों में चिंता का माहौल बन गया।
Noida News: सघन जांच कराई गई
पुलिस ने तीनों स्कूलों में अलग-अलग टीमें भेजकर चेकिंग कराई और सुरक्षा का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी तरह से अफवाह फैलाने और दहशत का माहौल बनाने की कोशिश लग रही है। फिलहाल साइबर सेल की मदद से होक्स मेल के सोर्स और भेजने वाले की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। मेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया, इसके पीछे कोई शरारती तत्व है या संगठित साजिश, इन सभी बिंदुओं पर जांच जारी है।
पुलिस ने घटना पर क्या बताया?
पुलिस ने कहा कि नोएडा स्थित कुछ स्कूलों को बम सम्बन्धित ई-मेल प्राप्त होने की सूचना मिली है। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस उच्चाधिकारीगण, स्थानीय पुलिस बल, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वायड, एंटी सबोटाज टीम द्वारा स्कूलों व आस पास के स्थानों, मेट्रो स्टेशन, बाजार व अन्य भीड़ भाड़ वाले स्थान पर गहनता से चेकिंग की गई है। प्राथमिक जांच में ई-मेल होक्स मेल पाए गए हैं। सूचना पर पूरी तरह सतर्कता बरती जा रही है एवं आवश्यक वैधानिक कार्यवाही प्रचलित है।
Noida Schools Bomb Threat: पुलिस ने कहा किसी भी संदिग्ध सूचना को हल्के में न लें
नोएडा पुलिस ने स्कूल प्रशासन और आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध सूचना को हल्के में न लें, लेकिन अफवाहों पर भी ध्यान न दें। किसी भी तरह की धमकी या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। फिलहाल स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और सभी स्कूलों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया गया है।
ALSO READ: ‘सपा और माफियाओं का पुराना रिस्ता’, कोडीन सिरप मामले पर CM योगी का विपक्षी दलों पर फूटा गुस्सा


Download Android App
Download iOS App





