अभी भी जारी है Operation Sindoor, अबतक 100 आतंकी ढेर, सर्वदलीय बैठक में बोली सरकार

Summary :

सर्वदलीय बैठक में Operation Sindoor की चर्चा

भारतीय सेना द्वारा ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकियों के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है, जिसमें अब तक 100 से अधिक आतंकी मारे गए हैं। मोदी सरकार ने सर्वदलीय बैठक में इस ऑपरेशन की जानकारी दी और कहा कि गिनती अभी जारी है। सरकार ने सभी दलों को भरोसा दिलाया कि सुरक्षा के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

Operation Sindoor के जरिए भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों को मार गिराया है। आज गुरुवार को मोदी सरकार ने सर्वदलीय बैठक में अपनी मंशा साफ कर दी है। सरकार ने बैठक में ऑपरेशन सिंदूर की जानकारी देते हुए कहा कि इस कार्रवाई में अबतक 100 से अधिक आतंकी मारे गए हैं। गिनती अभी जारी है।

पिछले 36 घंटों का पूरा ब्यौरा दिया

बता दें कि आतंकियों के खिलाफ भारत के ऑपरेशन सिंदूर पर आज गुरुवार को सर्वदलीय बैठक हुई। बैठक में सरकार ने पिछले 36 घंटों का पूरा ब्यौरा दिया। इस बैठक में सरकार ने सभी पार्टियों को ऑपरेशन सिंदूर की पूरी जानकारी दी। इस दौरान सरकार ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर में नौ आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। जिसमें करीब 100 आतंकी ढेर हुए। सही जानकरी का इंतजार है, गिनती अभी जारी है.’

राजनाथ सिंह का बयान

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, सभी पार्टी बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा, ‘हम हालात को और खराब नहीं करना चाहते। लेकिन अगर पाकिस्तान कोई कार्रवाई करता है तो हम पीछे नहीं हटेंगे।’ दरअसल, यह बैठक पिछले 36 घंटों में हुए घटनाक्रम की जानकारी देने के लिए बुलाई गई थी। इसमें मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता शामिल हुए।

कुछ खास जानकारियां नहीं दी गई

बता दें कि इस बैठक में राजनाथ सिंह, अमित शाह, एस जयशंकर, निर्मला सीतारमण और दूसरे मंत्री मौजूद थे. बैठक में विपक्षी नेता भी शामिल हुए। राजनाथ सिंह ने सभी नेताओं से कहा कि कुछ खास जानकारियां अभी सार्वजनिक नहीं की जाएंगी, क्योंकि स्थिति लगातार बदल रही है।

राहुल गांधी ने क्या कहा?

सर्वदलीय बैठक के बाद कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “हमने सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है। जैसा कि मल्लिकार्जुन खरगे जी ने कहा, कि उन्होंने (सरकार ने) कहा कि कुछ चीजें ऐसी हैं जिन पर हम चर्चा नहीं करना चाहते. सबने सपोर्ट किया है

22 अप्रैल ब्लैक डे

बता दें कि 22 अप्रैल को पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था, इस हमले का बदला ऑपरेशन सिंदूर के जरिए लिया गया है। भारतीय सेना ने पाकिस्तान में घुसकर 9 ठिकानों को नष्ट कर दिया। पहलगाम हमले में हमने देश के 25 से ज्यादा बेगुनाह लोगों को खो दिया था, जिनकी हत्या उनका धर्म पूछकर की गई थी। उस घटना के बाद से हर भारतीय पाकिस्तान के खिलाफ गुस्से से भरा हुआ है। वहीं, मोदी सरकार की मौजूदगी में भारतीय सेनाओं ने पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है।

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।