Uttarakhand: हर्षिल-मुखवा में PM Modi का दौरा, शीतकालीन पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा

Summary :

हर्षिल-मुखवा क्षेत्र सज-संवर कर पूरी तरह से तैयार है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए हर्षिल-मुखवा क्षेत्र सज-संवर कर पूरी तरह से तैयार है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आग्रह पर शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी गुरुवार को हर्षिल-मुखवा क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। इसे देखते हुए उत्तरकाशी जिले के इस सीमावर्ती क्षेत्र में गजब का उत्साह एवं उल्लास देखने को मिल रहा है। प्रधानमंत्री की अगवानी के लिए हर्षिल क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में निचली घाटियों के शीतकालीन प्रवास स्थलों से अपने मूल घरों को लौट आए हैं और पिछले दिनों हुई बर्फबारी से सराबोर हर्षिल घाटी में गर्मजोशी का माहौल है।

CM पुष्कर सिंह धामी ने Roorkee में विकसित भारत-विकसित उत्तराखंड प्रदर्शनी का किया उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को हर्षिल-मुखवा क्षेत्र के प्रस्तावित दौरे के तहत सबसे पहले गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखवा (मुखीमठ) जाकर गंगा मंदिर में दर्शन व पूजा करेंगे। प्रधानमंत्री के आगमन को देखते हुए मुखवा स्थित गंगा मंदिर एवं स्थानीय भवन शैली से बने पौराणिक भवनों को भव्य तरीके से सजाने के साथ ही समूचे मुखवा गांव को भी सजाया-संवारा गया है।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, मुखवा मंदिर के बाद प्रधानमंत्री सुबह 10.30 बजे हर्षिल पहुंचकर उत्तराखंड शीतकालीन पर्यटन और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी देखेंगे। इसके बाद जादुंग व पीडीए के लिए मोटर बाइक व एटीवी-आरटीवी रैलियों तथा जनकताल एवं मुलिंगला के लिए ट्रैकिंग अभियानों को झंडी दिखाकर शुभारंभ करेंगे। सीमावर्ती नेलांग-जादुंग-पीडीए क्षेत्र का मनमोहक शीत मरुस्थली पठार का क्षेत्र अभी तक पर्यटन की गतिविधियों से अछूता रहा है। प्रधानमंत्री के हाथों इन क्षेत्रों के लिए पर्यटन अभियानों का शुभारंभ होना है, जिससे पर्यटन विकास के नए द्वार खुल जाएंगे।

प्रधानमंत्री मोदी हर्षिल में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हर्षिल में जनसभा के लिए बड़ा मंच बनाया गया है। जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोबाल सहित प्रशासन व पुलिस के तमाम अधिकारी इन दिनों हर्षिल में ही डेरा डाले हुए हैं। प्रधानमंत्री के दौरे की व्यवस्थाओं को लेकर अन्य जिलों से भी बड़ी संख्या में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को हर्षिल क्षेत्र में तैनात किया गया है। क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और बड़ी संख्या में पुलिस बलों की तैनाती करने के साथ ही विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा क्षेत्र के चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.