पुरूलिया (पश्चिम बंगाल) : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तरह ‘‘फर्जी वादे’’ करने में विश्वास नहीं करते और उनकी पार्टी ने न्यूनतम आय गारंटी योजना ‘‘न्याय’’ का प्रस्ताव दिया है जो गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक की तरह है।
गांधी ने यहां एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए दावा किया कि केवल कांग्रेस ही भाजपा को हरा सकती है जो ममता बनर्जी की तृणमूल कांग्रेस सहित कोई दूसरी पार्टी नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस के सत्ता में आने पर न्याय लागू किया जाएगा। इससे देश में गरीबी खत्म करने में सहयोग मिलेगा। न्याय गरीबी के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक है।’’ उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत पांच करोड़ गरीब परिवारों को प्रति वर्ष 72 हजार रुपये दिए जाएंगे।
मोदी की ‘हत्या’ वाले वीडियो पर विपक्ष की चुप्पी पर BJP का हमला
उन्होंने कहा, ‘‘मोदी लोगों के बैंक खाते में 15 लाख रुपये जमा कराने के वादे को पूरा नहीं कर सके। मैं उनकी तरह फर्जी वादे करने में विश्वास नहीं करता।’’
गांधी ने कहा कि केवल कांग्रेस में ही चुनावों में भाजपा को हराने की क्षमता है। उन्होंने लोगों से पार्टी को वोट देने की अपील की।
प्रधानमंत्री की आलोचना करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘मोदी, अनिल अंबानी, नीरव मोदी, मेहुल चोकसी और विजय माल्या जैसे उद्योगपतियों के चौकीदार हैं न कि आम आदमी के।’’
गांधी ने आरोप लगाए, ‘‘उनमें से अधिकतर ने अपराध किए हैं, लोगों का धन लूटा है और देश से भाग गए।’’
नोटबंदी को ‘‘बड़ा घोटाला और आपदा’’ बताते हुए उन्होंने मतदाताओं से भाजपा को सबक सिखाने और उसे हराने की अपील की। गांधी ने आरोप लगाए कि प्रधानमंत्री देश को सांप्रदायिक आधार पर बांटने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया, ‘‘जहां भी वह (मोदी) जाते हैं वह नफरत फैलाते हैं और माहौल को दूषित करते हैं।’’


Download Android App
Download iOS App



