खुशियों के बीच पसरा मातम, नेपाल के बैतडी में बाराती बस खाई में गिरी , 13 की मौत

Summary :

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के झूलाघाट कस्बे में भारत से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बैतडी से बजांग जा रही एक बारात की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा गुरुवार रात को पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र के बड़गांव मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस दुल्हन को लेकर भवने गांव…

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ के झूलाघाट कस्बे में भारत से सटे नेपाल के बैतडी जिले में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। बैतडी से बजांग जा रही एक बारात की बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में 13 लोगों की मौके पर ही या इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि 34 लोग घायल हो गए हैं।

घायलों में कई की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा गुरुवार रात को पुरचूंणी नगरपालिका क्षेत्र के बड़गांव मोड़ के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बस दुल्हन को लेकर भवने गांव से बजांग के सुनकुडा गांव की ओर जा रही थी।

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident: चढ़ाई के दौरान बस खो बैठी संतुलन

स्थानीय प्रशासन के अनुसार, बस पहाड़ी रास्ते पर चढ़ाई करते समय संतुलन नहीं बना पाई। अचानक वाहन पीछे की ओर फिसल गया और करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के समय बस में काफी संख्या में बाराती सवार थे, जिससे नुकसान और ज्यादा हुआ। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M  )
Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M )

Bus Accident Near Pithoragarh: रातभर चला रेस्क्यू ऑपरेशन

जिला प्रहरी कार्यालय बैतडी के प्रवक्ता निरीक्षक बलदेव बडू ने बताया कि नेपाल एपीएफ, पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर रात में ही रेस्क्यू अभियान चलाया। अंधेरे और कठिन रास्तों के बावजूद घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। पांच लोगों ने डडेलधुरा अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि दो अन्य की मौत कोटिला अस्पताल में हुई।

Pithoragarh Border Accident: मृतकों में 13 साल का बच्चा भी शामिल

इस दुखद हादसे में मरने वालों में एक 13 साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। अधिकतर मृतक बजांग जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। मृतकों में केशव राज जोशी, अशोक राज जोशी, बसंत राज जोशी, विष्णु दत्त जोशी, नरेश राज जोशी समेत कई लोग शामिल हैं। इसके अलावा बैतडी जिले के कुछ स्थानीय निवासी भी इस दुर्घटना में जान गंवा चुके हैं। परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M  )
Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M )

घायलों का इलाज जारी

घायलों में से 25 लोगों को डडेलधुरा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए धनगढी रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। प्रशासन द्वारा घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था की जा रही है।

Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M  )
Uttarakhand Nepal Border Bus Accident ( image-S-M )

पहाड़ी इलाकों में सफर बना खतरे का कारण

स्थानीय लोगों का कहना है कि बैतडी और बजांग के बीच का रास्ता बेहद संकरा और खतरनाक है। बारिश और ढलान के कारण अक्सर यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। अधिक यात्रियों को बस में बैठाने से भी हादसे का खतरा बढ़ जाता है। प्रशासन ने इस घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं और भविष्य में ऐसे हादसों से बचने के लिए सुरक्षा उपायों पर विचार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: देहरादून में बड़ा सड़क हादसा: खाई में गिरी बस, 3 की मौत; कई घायल

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।