लूट का विरोध करने पर कैब चालक की चाकू से गोदकर हत्या, नाबालिग समेत तीन धरे गए

Summary :

Shahdara Police Big Success : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कृष्णा नगर इलाके में 40 वर्षीय कैब चालक विजय कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या में शामिल एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने लूटपाट का विरोध करने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है। डीसीपी (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय अयान, 19 वर्षीय साहिल और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है।…

Shahdara Police Big Success : शाहदरा डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने कृष्णा नगर इलाके में 40 वर्षीय कैब चालक विजय कुमार की हत्या की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या में शामिल एक नाबालिग समेत तीन आरोपियों को पकड़ा है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि उन्होंने लूटपाट का विरोध करने पर हत्या की वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल चौथे आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।

डीसीपी (शाहदरा) राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि आरोपियों की पहचान न्यू सीलमपुर निवासी 20 वर्षीय अयान, 19 वर्षीय साहिल और 17 वर्षीय नाबालिग के रूप में हुई है। नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है। अयान आदतन अपराधी है और उस पर पहले से लूट व झपटमारी के चार केस दर्ज हैं। पकड़े जाने के बाद आरोपियों ने बताया कि गत 23 जुलाई को चारों ने एक साथ शराब पी थी।

इसी दौरान उन्होंने आसानी से पैसा कमाने के लिए किसी कैब चालक को लूटने की साजिश रची। उनके चौथे साथी अमन कुरैशी ने अयान के फोन से वी3एस मॉल के लिए कैब बुक की। जैसे ही कैब चित्रा विहार रेड लाइट के पास पहुंची, उन्होंने ड्राइवर विजय कुमार पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जब वे कैब लूटकर भागने लगे तो लोगों ने उनका पीछा किया। घबराकर वे सभी ईस्ट आजाद नगर मेट्रो स्टेशन के पास खून से सनी कार और लहूलुहान ड्राइवर को छोड़कर फरार हो गए। उधर, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। विजय को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीसीटीवी से सुलझी ब्लाइंड मर्डर मिस्ट्री

डीसीपी ने बताया कि पुलिस के लिए यह एक ब्लाइंड मर्डर केस था। हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए एसएचओ कृष्णा नगर विजेंद्र राणा और स्पेशल स्टाफ इंचार्ज इंस्पेक्टर आशीष कुमार के नेतृत्व में संयुक्त टीमें गठित की गईं। पुलिस टीमों ने घटनास्थल से लेकर सीलमपुर तक के सैकड़ों सीसीटीवी खंगाले। कॉल डिटेल रिकॉर्ड्स और तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपियों की जानकारी जुटाई। पुलिस को लीड मिली और तीन आरोपियों को दबोच लिया। इनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू, वारदात के वक्त पहने खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए हैं। चौथे फरार आरोपी अमन की तलाश जारी है।

Sumant Chaudhary