अंतिम संस्कार से पहले मृत पिता के अंगूठे का लिया निशान, संपत्ति के लालच में बेटे की शर्मनाक हरकत, Video वायरल

Summary :

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव में संपत्ति के लालच में अंधे एक बेटे ने अपने पिता के अंतिम संस्कार से पहले उनके मृत शरीर के अंगूठे का निशान एक सादे कागज पर ले लिया।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां रहीमाबाद थाना क्षेत्र के खड़ौहा गांव में जायदाद के लालच में अंधे हुए बेटे ने पिता के अंतिम संस्कार से पहले उनके शव के अंगूठे का निशान सादे कागज पर लिया। यह देखकर ग्रामीण भी हक्क-बक्के रह गए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

बेटे ने मां-बाप को घर से निकाला

जानकारी के मुताबिक, खड़ौहा गांव के रहने वाले 75 वर्षीय छत्रपाल को उनका इकलौता बेटा महेंद्र शरीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। साल 2023 में छत्रपाल और उनकी पत्नी को बेटे ने घर से निकाल दिया था। इसके बाद बुजुर्ग अपने रिश्तेदारों के यहां रहने पर मजबूर हो गए।

पिता ने बेटियों के नाम की संपत्ति

साल 2024 में वह अपनी बड़ी बेटी सुमन के घर रहने चले गए। इसके बाद माता-पिता ने अपनी करीब साढ़े छह बीघा जमीन में से एक-एक बीघा तीनों बेटियों के नाम कर दी। छत्रपाल ने अपने बेटे महेंद्र और बहू की प्रताड़ना से परेशान होकर अखबार में विज्ञापन छपवाकर उन्हें अपनी संपत्ति से बेदखल कर दिया था। आरोप है कि महेंद्र इसी बात से अपने पिता से नाराज था।

इलाज कराने के बहाने गांव ले गया

मृतक की बेटी सुमन ने बताया कि 7 जुलाई को अचानक पिता की तबियत बिगड़ी, तो महेंद्र को सूचित किया गया। इसके बाद महेंद्र लखनऊ पंहुचा, बहन से विवाद के बाद वह इलाज कराने के बहाने पिता को अपने साथ गांव ले गया। बेटी सुमन का दावा है कि गांव ले जाने के सिर्फ तीन दिन बाद 9 जुलाई को छत्रपाल की मौत हो गई।

कागज पर लिए मृत पिता के अंगूठे का निशान

पिता की मौत की खबर सुनकर बेटियां भी गांव पहुंची। अंतिम संस्कार के दिन महेंद्र और उसकी बहनों में काफी कहासुनी हुई। इसके बाद गुस्साए महेंद्र ने संपत्ति के लालच में मृत पिता के हाथ का अंगूठा एक सादे कागज पर लगवाया। इस दौरान का वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें वह एक व्यक्ति की मदद से पिता के हाथ के अंगूठे का निशान कागज पर लेता हुआ नजर आ रहा है। गांव वालों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।

जांच में जुटी पुलिस

इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोग आरोपी बेटे की कड़ी आलोचना कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने भी मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है, जिससे यह साफ हो सके कि मृतक के शव के साथ ऐसा क्यों किया गया और अंगूठे के निशान किन दस्तावेजों पर लिए गए थे। रहीमाबाद थाना प्रभारी के अनुसार, अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है, लेकिन पुलिस वीडियो की सत्यता और उसमें शामिल लोगों की पहचान की जांच कर रही है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: मंदिर के अंदर मौत का राज! गड्ढे में दबे मिले 19 दिन से लापता दो युवकों के शव, बागपत में सनसनी

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।