Kanpur: महिला मित्र से मिलने गए कारोबारी के बेटे की 6वीं मंजिल से गिरकर मौत, फोन पर मिला ‘Don’t Come’ मैसेज

Summary :

कानपुर के बिठूर में पेपर व्यवसायी विशाल खंडेलवाल के बेटे संभव खंडेलवाल की 14 नवंबर को रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। संभव अपनी महिला मित्र से मिलने गए थे, जहां उनका शव अपार्टमेंट की छठी मंजिल के नीचे मिला।

उत्तर प्रदेश के कानपुर के बिठूर में शनिवार को पेपर बिजनेसमैन विशाल खंडेलवाल के बेटे संभव खंडेलवाल की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 14 नवंबर को संभव का शव रुद्रा ग्रीन्स अपार्टमेंट के नीचे मिला। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि वह अपनी महिला मित्र से मिलने के लिए उसके फ्लैट पर गए थे। महिला के घरवालों ने इसे एक हादसा बताया है, वहीं संभव का परिवार गड़बड़ी होने का शक जता रहा है।

संभव के परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

संभव के परिवार ने बताया कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे वह अपने घर से दोस्त से मिलने के लिए कार लेकर निकला था। लगभग डेढ़ घंटे बाद उसके फोन से परिवार को कॉल आया कि संभव ‘रुद्रा ग्रीन्स’ अपार्टमेंट की छठी मंजिल से गिर गया है। इसके बाद पारस अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने एक महिला की तरफ से दोपहर 2 बजे भेजे गए ‘Don’t Come’ (मत आओ) मैसेज पर सवाल उठाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने दोनों के बीच हुई चैट को भी डिलीट करने का दावा किया है। हालांकि इसकी अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

बालकनी से पैर फिसले से गिरा नीचे

महिला के मामा के मुताबिक, जिस वक़्त हादसा हुआ उस समय घर पर वह, उनकी भांजी और भांजा थे। परिवार के बाकि के लोग बाहर गए हुए थे। उन्होंने कहा कि परिवार के सभी लोग संभव को जानते थे और वह पहले भी घर आ चुका था। उस दिन संभव अपनी महिला मित्र को कॉफ़ी पिलाने के लिए बाहर ले जाने की योजना बना रहा था। इस दौरान वह महिला के छोटे भाई के साथ बॉल से खेलने लगे।

इस दौरान बॉल बालकनी की तरफ चली गई, जिसे पकड़ने के लिए संभव गए। मामा का कहना है कि इस दौरान वहां दिवाली पर जलाए गए दीयों का तेल गिरा हुआ था, जिसपर पैर फिसलकर संभव नीचे गिर गया। बाद में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।

संभव के कमर, पीठ और हाथ पर खरोंच के निशान

दूसरी तरफ संभव के परिजनों का कहना है कि संभव के दाहिने पैर पर रगड़ के निशान, कमर, पीठ और हाथ पर खरोंच के निशान थे। इस वजह से परिवार ने आशंका जताई है कि नीचे गिरने से पहले उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का ये भी आरोप है कि दोनों के बीच हुई बातचीत भी फ़ोन से डिलीट की गई है और महिला ने दोपहर 2 बजे ‘Don’t Come’ का मैसेज लिखा था। उन्होंने युवक को फ्लैट से धक्का देने का भी आरोप लगाया है।

जांच में जुटी पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह पुलिस टीम और फॉरेंसिक विशेषज्ञों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटनास्थल से साक्ष्य इकट्ठा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के सामने दो पक्ष हैं, एक तो लड़की के मामा इसे पैर फिसलने से हुआ हादसा बता रहे हैं, जबकि संभव के परिजनों ने पैरों, पीठ, कमर और हाथों पर चोट के निशान बताते हुए मारपीट और धक्का देकर गिराने का गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और मोबाइल रिकॉर्ड के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। जांच के लिए अपार्टमेंट के आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।