कानपुर अग्निकांड: एक ही परिवार के 5 सदस्यों की मौत, CM योगी आदित्यनाथ ने जताया दुख

Summary :

CM योगी का निर्देश, घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करें

कानपुर के चमनगंज इलाके में रविवार रात एक पांच मंजिला इमारत में लगी आग में एक ही परिवार के पांच सदस्यों की दर्दनाक मौत हो गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए प्रशासन को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। आग बुझाने में दमकल की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां जुटी रहीं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कानपुर के चमनगंज स्थित पांच मंजिला इमारत में लगी आग में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत पर दुख जताया है। मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राहत और बचाव के कार्यों में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार का प्रशासन को निर्देश भी दिया है। कानपुर के चमनगंज इलाके के गांधी नगर स्थित एक पांच मंजिला इमारत में रविवार रात भीषण आग लग गई थी। इस इमारत में रहने वाले एक परिवार के पांच लोग फंस गए थे, जिनमें पति-पत्नी और उनकी तीन बच्चियां शामिल थीं। 8 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद पांचों के झुलसे शव बरामद कर लिए गए। कड़ी मशक्कत के बाद फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।

उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक बदलाव, प्रेम प्रकाश मीणा बने अलीगढ़ के नगर आयुक्त

इमारत में लगी आग को बुझाने की कोशिशों में दमकल की एक दर्जन से ज्यादा गाड़ियां रात को ही मौके पर पहुंची थीं। सेंट्रल कानपुर के एडीसीपी राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि मौके पर दमकल विभाग, पुलिस और एसडीआरएफ पहुंचा। रात 8 बजे से सुबह साढ़े पांच बजे तक बचाव कार्य चला। पांच लोगों को झुलसी हालत में उर्सुला अस्पताल की बर्न यूनिट भेजा गया।

मुख्यमंत्री ने इसी घटना का संज्ञान लिया। मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए राहत और बचाव के कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया। जानकारी के मुताबिक, इमारत की निचली मंजिल पर जूते का कारखाना था और ऊपर की मंजिलों पर लोग रहते थे। प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट के कारण लगी आग बताया जा रहा है, जिसने देखते ही देखते पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.