एकतरफा प्रेम में दरिंदे आशिक की हैवानियत, महिला के डेढ़ साल के मासूम बेटे को 8 बार कंकरीट सड़क पर पटक पटक कर मारा

Summary :

Man Beat an Innocent Child to Death : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला के शिकोहाबाद क्षेत्र का है, जहां एकतरफा प्रेम में अंधे युवक ने विवाह का प्रस्ताव ठुकराए जाने का बदला महिला के डेढ़ साल के बेटे की हत्या करके लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसे कई बार जमीन पर पटक दिया. इस मामले की खौफनाक फुटेज भी CCTV में कैद हुई है. इस घटना में मासूम की मौत…

Man Beat an Innocent Child to Death : उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है. मामला के शिकोहाबाद क्षेत्र का है, जहां एकतरफा प्रेम में अंधे युवक ने विवाह का प्रस्ताव ठुकराए जाने का बदला महिला के डेढ़ साल के बेटे की हत्या करके लिया. बताया जा रहा है कि आरोपी मासूम को टॉफी दिलाने का झांसा देकर अपने साथ ले गया और सुनसान जगह पर ले जाकर उसे कई बार जमीन पर पटक दिया. इस मामले की खौफनाक फुटेज भी CCTV में कैद हुई है. इस घटना में मासूम की मौत हो गई है.

जानकारी के मुताबिक, अरांव थाना क्षेत्र के बामई गांव की रहने वाली पिंकी अपनी बेटी रति और डेढ़ वर्षीय नाती आरव के साथ यादव कॉलोनी में रहने वाली अपनी सहेली पुष्पलता पाठक से मिलने आई थी. पुष्पलता हाल ही में एक सड़क हादसे में घायल हुई थीं, जिसके चलते उनका हालचाल जानने परिवार वहां पहुंचा था. जानकारी के अनुसार करीब तीन साल पहले रति की शादी बदायूं निवासी सुनीत के साथ हुई थी, लेकिन पति-पत्नी के बीच में अनबन चल रहा था इस वजह से महिला अपनी मां के साथ रह रही थी.

Child Murder in Firozabad : शादी के लिए बना रहा था दबाव

परिजनों का आरोप है कि सुनीत की बुआ का बेटा विराज उर्फ जितेंद्र पाठक रति पर शादी करने का दबाव बना रहा था. वह रति से प्रेम करता था और उससे विवाह करना चाहता था. रति अपने विवाहित होने व बच्चे की मां होने के चलते उसके शादी का प्रस्ताव कई बार ठुकरा चुकी थी. माना जा रहा है कि आरोपी इसी चलते रंजिश निकालने की फिराक में था.

घटना के दिन यानी शनिवार दोपहर विराज भी पुष्पलता के घर पहुंचा. आरोप है कि उसने आरव को टॉफी दिलाने की बात कहकर अपने साथ ले लिया. कुछ दूरी पर सुनसान गली में पहुंचने के बाद उसने बच्चे को कई बार जमीन पर पटका, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई. इस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बच्चे के शव को घर के बाहर छोड़ कर फरार हो गया.

Child Murder : बच्चे ने तोड़ा दम

घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्चे को लेकर अस्पताल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की, पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें आरोपी की करतूत रिकॉर्ड मिली.

इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी, इसी दौरान सूचना मिली कि वह भूढ़ा भरथरा मोड़ के पास मौजूद है, जहां पुलिस टीम ने उसे घेरने की कोशिश की तो आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया. इस दौरान पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो खोखा कारतूस और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं.

One Sided Love Crime : फुटेज में खौफनाक वारदात

बता दें, इस घटना की फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें देखा जा सकता है कि विराज हैवानों की तरह बच्चे को पटक रहा है. इस घटना की करीब आधे मिनट की वीडियो वायरल है जिसमें वह लगातार बच्चे को उठा कर पटक रहा है. इस दौरान वह लगातार 8 बार कंक्रीट के बने सड़क पर बेरहमी से पटकता है. अंत में वह बच्चे को कंधे पर उठा कर निकल जाता है.

इस मामले में पुलिस के अनुसार आरोपी को यह लगता था कि रति का बेटा उसके और महिला के संभावित विवाह के बीच सबसे बड़ी बाधा है. इसी सोच और गुस्से में उसने इस जघन्य अपराध को अंजाम दिया. फिलहाल घायल आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है.

इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। मासूम बच्चे की हत्या से स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है.

Rohit Singh

रोहित सिंह पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, समाज, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और शैक्षणिक लेख लिखने में दिलचस्पी रखते हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय से पोलिटिकल साइंस में ग्रेजुएशन और जामिया मिलिया इस्लामिया से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं।