श्राद्ध में पिंडदान करने गए एक ही परिवार के 5 लोग नदी में डूबे, सभी की मौत

Summary :

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक दुखद हादसा हो गया, जहां श्राद्ध में पिंडदान के लिए सुखनई नदी किनारे गए एक ही परिवार के पांच लोग नदी में डूब गए।

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक परिवार के 5 लोगों की नदी में डूबने से मौत हो गई। परिवार के लोग श्राद्ध में पिंडदान के लिए नदी के किनारे पहुंचे थे। तभी एक व्यक्ति का संतुलन बिगड़ा और वह पानी में डूबने लगा, उसे बचाने के चक्कर में 4 और लोग भी पानी में डूब गए। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस की टीम पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।

श्राद्ध में पिंडदान करने गया परिवार नदी में डूबा

जानकारी के मुताबिक, मृतकों में पिता, उनका पुत्र, भतीजा, भांजा और एक अन्य शामिल है। परिवार श्राद्ध का क्रिया-क्रम करने और पिंडदान करने के लिए सुखनई नदी के किनारे गए थे। इस दौरान परिवार के कुछ सदस्य पानी में उतरे और डूबने लगे। उन्हें बचाने के चक्कर में कुछ लोग और नदी में चले गए, ऐसे करके 5 लोग एक साथ डूब गए। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई।

गोताखोरों ने नदी से 5 शवों को निकाला बाहर

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर एसडीएम मनोज कुमार, सीओ मऊरानीपुर रत्नेश्वर सिंह और पुलिस बल पहुंचे। रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, इस दौरान गोताखोरों ने नदी से 5 शवों को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया, अब उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। एक परिवार के पांच लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रशासन ने लोगों से नदी में सावधानी बरतने की अपील की है।

Also Read: UP: शराब की दुकान के बाहर बी.फार्मा के छात्र की हत्या, 5-6 युवकों ने पत्थरों और हथियार से किया हमला, CCTV फुटेज वायरल

Bhawana Rawat

भावना रावत पिछले 2 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम की खबरें लिखने में रुचि है। दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रही हैं।