उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का 20 नवंबर 2026 को 91 साल की उम्र में निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार थीं और उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के पंचूर गांव स्थित अपने घर पर उनका इलाज चल रहा था, वहीं उन्होंने अंतिम सांस ली।
लंबे समय से चल रही थी बीमार
जानकारी के मुताबिक, सीएम योगी की मां लंबे समय से बीमार चल रही थी, जिसके बाद शुक्रवार को उनका अपने पैतृक गांव में निधन हो गया। 14 मई 2024 में भी उनकी तबियत बिगड़ी थी और उन्हें ऋषिकेश के AIIMS में भर्ती कराया गया था। इस दौरान मां से मिलने के लिए योगी आदित्यनाथ भी उनसे मिलने के लिए अस्पताल गए थे।
हरिद्वार में किया जाएगा अंतिम संस्कार
शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का यमकेश्वर के पंचूर गांव के उनके घर पर निधन हो गया। वह अपने छोटे बेटे के साथ गांव में ही रहती थीं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किया जाएगा, जिसके लिए उनका पार्थिव शरीर वहां लाया जाएगा। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी हरिद्वार पहुंच सकते हैं।
उत्तराखंड के CM ने दुख व्यक्त किया
उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति! 🙏
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 20, 2026
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह ने दुख व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है। बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा सीएम योगी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।”
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी शोक जताया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी सीएम योगी की मां के निधन पर ट्वीट पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के स्वर्गवास का समाचार सुनकर मुझे दुख की अनुभूति हुई है। जीवन के किसी भी पड़ाव पर माँ का साया उठ जाना सबसे बड़ा और असहनीय आघात होता है। शोक की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं योगी जी और समस्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति!”


Download Android App
Download iOS App




