VIDEO:’सरेंडर कर दो बेटा’,Video Call पर मां के समझाने के बावजूद आतंकी बेटे ने सेना पर बरसाईं गोलियां

Summary :

मां की अपील के बावजूद आतंकी बेटे ने किया हमला

जम्मू-कश्मीर के त्राल में सुरक्षा बलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान आतंकी आमिर नजीर वानी ने अपनी मां की वीडियो कॉल पर सरेंडर की सलाह को नजरअंदाज कर सेना पर गोलियां बरसाईं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकियों ने जम्मू-कश्मीर में कई जगहों पर अपना ठिकाना बनाने की कोशिश की थी। हालांकि भारतीय सेना ने उन्हें मुंहतोड़ जवाब दिया है। इस बीच, कश्मीर के अवंतीपोरा में त्राल के नादेर इलाके में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। इस बीच मुठभेड़ में मारे गए आमिर नजीर वानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आतंकी आमिर अपनी मां से वीडियो कॉल पर बात कर रहा है। जिसमें, उसकी मां बार-बार कह रही है, बेटा सरेंडर कर दो। लेकिन उसने अपनी मां की बातों को अनसुना कर दिया और सेना पर फायरिंग कर दी।

वीडियो में कुछ ऐसा है आतंकी का रवैया

आतंकी अपनी मां के साथ वीडियो कॉल पर बात कर रहा है, जिसकी स्क्रीन रिकॉर्डिंग सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि उसकी मां उससे कह रही है कि “बेटा सरेंडर कर दो” लेकिन वह उनकी बात नहीं मानता और सेना पर फायरिंग कर देता है। सूत्रों के मुताबिक सुरक्षा बल चाहते थे कि यह आतंकी सरेंडर करे लेकिन उसने सरेंडर करने की बजाय सेना पर फायरिंग कर दी। आखिरकार सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में वह मारा गया।

जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी थे

सुरक्षा बलों को दक्षिण कश्मीर के अवंतीपोरा के नादेर त्राल इलाके में आतंकवादियों की मौजूदगी की विश्वसनीय सूचना मिली थी। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने इलाके की घेराबंदी की और तलाशी अभियान शुरू किया। जब सुरक्षा बल इलाके की तलाशी ले रहे थे, तो छिपे हुए आतंकवादियों ने अचानक उन पर गोलीबारी शुरू कर दी। सुरक्षा बलों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने मुठभेड़ में जैश-ए-मोहम्मद के तीनों आतंकवादियों को मार गिराया। मारे गए जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के तीनों आतंकवादियों के नाम और पहचान जारी कर दी गई है।

ऑपरेशन सिंदूर के बाद सीजफायर

आपको बता दें कि 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था। इस हमले में 25 से ज़्यादा लोगों को उनका धर्म पूछकर मार दिया गया था। जिसके बाद भारत की मोदी सरकार ने इस घटना पर कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान में मौजूद 9 आतंकी ठिकानों पर कार्रवाई की थी। भारतीय सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में घुसकर कई आतंकी ठिकानों को नष्ट कर दिया था। हालांकि, दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए संघर्ष विराम का ऐलान किया गया है।

भारत के जीरो टैरिफ ट्रेड डील के ऑफर से Trump हुए गदगद, सीजफायर पर भी दी प्रतिक्रिया

Shivangi Shandilya

शिवांगी शांडिल्य पत्रकारिता में पिछले 2 वर्षों से सक्रिय हैं। राजनीति, विदेश, क्राइम के अलावा आद्यात्मिक खबरें लिखना पसंद हैं। गलगोटिया विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई पूरी की है। IGNOU से मास्टर ऑफ मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई जारी है। इस दौर में वेबसाइट पर लिखने का कार्य जारी है। पत्रकारिता की शुरुआत इंडिया न्यूज़ (इनखबर) से हुई, जहां बत्तौर हिन्दी सब-एडिटर के रूप में वेबसाइट पर काम किया। वर्तमान में पंजाब केसरी दिल्ली में हिन्दी सब-एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में जन्म लेने वाली शिवांगी की शिक्षा उनके गृह जिले में ही हुई है। शिवांगी को राजनीतिक घटनाक्रम पर आलेख लिखना बेहद पसंद है।