पश्चिम बंगाल/ कोलकाता: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के डनलप इलाके में 26 वर्षीय योग ट्रेनर अंजलि शॉ की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में मुख्य आरोपी धर्मबीर कुमार को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि आरोपी और अंजलि की पहचान ऑनलाइन गेम PUBG खेलने के दौरान हुई थी। दोनों एक-दूसरे के गेमिंग पार्टनर थे। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि किसी दूसरी महिला के साथ गेम खेलने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी रंजिश को हत्या की वजह माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की पूरी सच्चाई जानने में जुटी है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि धर्मबीर कुमार को गुरुवार को पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार रेलवे स्टेशन के बाहर से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से कोलकाता ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड मिली। शुक्रवार को पुलिस टीम आरोपी को लेकर कोलकाता पहुंची। वहीं, DCP कुंतल बंद्योपाध्याय ने बताया कि उससे पूछताछ की जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है। यह गिरफ्तारी बारानगर इलाके के एक खाली फ्लैट में अंजलि का शव मिलने के करीब दो दिन बाद हुई।
PUBG खेलते समय हुई थी दोनों की पहचान
जांच में सामने आया है कि लखनऊ के हजरतगंज का रहने वाला करीब 30 वर्षीय धर्मबीर ऑनलाइन गेम PUBG के जरिए अंजलि के संपर्क में आया था। गेम खेलने के दौरान दोनों की दोस्ती हुई और धीरे-धीरे बातचीत बढ़ने लगी। पुलिस को शक है कि बाद में धर्मबीर दूसरे गेमिंग ग्रुप में एक महिला के साथ खेलने लगा था। इसी बात को लेकर अंजलि और उसके बीच विवाद हुआ। जांच अधिकारियों के अनुसार, इसी अनबन को वारदात की वजह माना जा रहा है। लेकिन, पुलिस इस बात की पुष्टि के लिए सबूत जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, धर्मबीर 8 नवंबर को कोलकाता पहुंचा था। वहां उसने दक्षिणेश्वर इलाके के एक गेस्ट हाउस में कमरा लिया। इसके बाद मंगलवार दोपहर को उसने अंजलि को बारानगर की शीतला माता लेन स्थित एक खाली फ्लैट में बुलाया। यह फ्लैट अंजलि की बहन और जीजा का बताया जा रहा है। जांच के अनुसार, आरोपी दोपहर करीब 1:30 बजे फ्लैट में पहुंचा और वहां अंजलि की हत्या कर दी। इसके बाद वह बाहर से ताला लगाकर चला गया। जाते समय वह अंजलि का मोबाइल फोन और कुछ कीमती सामान भी अपने साथ ले गया। इसके बाद धर्मबीर गेस्ट हाउस लौटा और हावड़ा रेलवे स्टेशन से विभूति एक्सप्रेस में सवार होकर दिल्ली के लिए निकल गया।
अंजलि के मोबाइल से परिवार को भेजे मैसेज
पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने अंजलि के मोबाइल फोन से उसके परिवार के सदस्यों को मैसेज भेजे। इसके जरिए वह यह दिखाना चाहता था कि अंजलि सुरक्षित है और परिवार को शक न हो। आरोपी ने मुगलसराय तक उसके फोन का इस्तेमाल किया। इसके बाद मोबाइल बंद कर दिया और अपना फोन चालू कर लिया। पुलिस के अनुसार, यात्रा के दौरान वह बार-बार अपना मोबाइल बंद और चालू कर रहा था, ताकि उसकी लोकेशन का पता लगाना मुश्किल हो।
अंजलि के पिता ने पुलिस को बताया कि धर्मबीर उनके परिवार के लिए नया नहीं था। वह पहले से परिवार के संपर्क में था और अंजलि को अपनी बहन कहकर बुलाता था। पिता ने निक राजपूत नाम के एक PUBG खिलाड़ी के बारे में भी जानकारी दी है। पुलिस को शक है कि इस नाम से इस्तेमाल किया जाने वाला गेमिंग अकाउंट धर्मबीर का हो सकता है। फिलहाल इसकी पुष्टि के लिए जांच की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि वारदात की योजना कब बनाई गई और क्या धर्मबीर ने इसे अकेले अंजाम दिया था या उसे किसी अन्य व्यक्ति की मदद मिली थी।
इसके साथ ही पुलिस ऑनलाइन गेमिंग अकाउंट, मोबाइल फोन और आरोपी की यात्रा से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है। दूसरी महिला के साथ गेम खेलने को लेकर हुए विवाद की भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जुटाए गए सबूतों के आधार पर मामले की आगे की जांच की जाएगी।
यह भी पढ़ें: पश्चिम बंगाल में महिला को डायन बताकर घर पर हमला, आखिर क्यों बनाया गया परिवार को निशाना?


Download Android App
Download iOS App




